उत्तराखंड PCS प्री परीक्षा के लिए 52 केंद्र तैयार, 20,958 अभ्यर्थी होंगे शामिल

हरिद्वार: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को नकलविहीन और शांतिपूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिले में परीक्षा के लिए कुल 52 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 20,958 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
प्रशासन के अनुसार, रुड़की में 16 और हरिद्वार में 36 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी।
प्रत्येक केंद्र पर दो सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक केंद्र प्रभारी और पांच पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। सभी केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे और 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।





