उत्तराखंड

चारधाम यात्रा में 485.9 टन कचरे का प्रसंस्करण, बदरीनाथ पंचायत को फायदा

Admindelhi1
21 Nov 2026 3:16 PM IST
चारधाम यात्रा में 485.9 टन कचरे का प्रसंस्करण, बदरीनाथ पंचायत को फायदा
x
स्वच्छता के साथ कमाई भी, बदरीनाथ में प्लास्टिक कचरे से बनाए जा रहे ब्लॉक

बदरीनाथ: चारधाम यात्रा को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर पंचायत बदरीनाथ ने कचरा प्रबंधन को आय का जरिया बनाया है। इस वर्ष यात्रा काल के दौरान पंचायत ने 485.9 टन कचरा एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया। इसके विपणन से नगर पंचायत को 9 लाख रुपये की आय हुई है।

नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सुबह और शाम विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के माध्यम से घरों से निकलने वाले कचरे को एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है।

नगर पंचायत द्वारा एकत्रित जैविक और अजैविक कचरे को मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में प्रसंस्कृत किया जाता है। वहीं, प्लास्टिक कचरे से ब्लॉक तैयार कर उनका विपणन किया जा रहा है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ पंचायत को आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।

नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि चारधाम यात्रा समाप्त होने के बाद भी बदरीनाथ धाम में विशेष स्वच्छता अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि कचरे के पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक निस्तारण की यह पहल यात्रा मार्गों को स्वच्छ रखने के साथ स्थानीय निकायों के लिए आय का माध्यम भी बन रही है।

Next Story