उत्तराखंड

देहरादून में मानव-वन्यजीव संघर्ष से 35 मौतें, प्रशासन ने बनाई नई रणनीति

Admindelhi1
22 Nov 2026 1:36 PM IST
देहरादून में मानव-वन्यजीव संघर्ष से 35 मौतें, प्रशासन ने बनाई नई रणनीति
x
जंगल से सटे गांवों में सुरक्षा बढ़ेगी, वन्यजीव अलर्ट सिस्टम होगा तैयार

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले में हाथी, गुलदार, बाघ और भालू जैसे वन्यजीवों के हमलों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने नई रणनीति तैयार की है। अब संवेदनशील इलाकों की पहचान कर हॉटस्पॉट डेटाबेस बनाया जाएगा। इन क्षेत्रों की मैपिंग के साथ निगरानी और वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाएगी।

शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में वन विभाग को पिछले 10 वर्षों की घटनाओं का क्षेत्रवार रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरा ट्रैप, सोलर लाइट और अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने पेट्रोलिंग टीम और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की क्षमता बढ़ाने तथा ग्रामीणों को लाठी, टॉर्च और लाउड हेलर जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वन्यजीवों और वनाग्नि से जुड़ी घटनाओं की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 1926 का प्रचार करने को भी कहा गया।

बैठक में वन विभाग ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में 35 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें हाथी के हमले से 10, गुलदार से 11, सांप के काटने से 13 और भालू के हमले से एक व्यक्ति की जान गई।

प्रशासन ने जंगल से सटे गांवों में झाड़ियों की कटाई, कचरा प्रबंधन और स्कूली बच्चों व किसानों के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं।

Next Story