उत्तराखंड

उत्तराखंड के 28 किसान पंतनगर में सीखेंगे आधुनिक खेती के गुर, 5 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

Admindelhi1
25 Nov 2026 2:01 PM IST
उत्तराखंड के 28 किसान पंतनगर में सीखेंगे आधुनिक खेती के गुर, 5 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
x
पॉलीहाउस में खेती करने वाले किसानों को मिलेगा वैज्ञानिक प्रशिक्षण, गणेश जोशी ने दिखाई हरी झंडी

देहरादून: उत्तराखंड में किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने प्रशिक्षण की पहल की है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को देहरादून के 28 किसानों के दल को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए रवाना किया।

ये किसान नाबार्ड योजना के तहत स्थापित पॉलीहाउस में खेती कर रहे हैं। पंतनगर विश्वविद्यालय में उन्हें पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को संरक्षित खेती की आधुनिक तकनीकों, पॉलीहाउस प्रबंधन, उन्नत कृषि पद्धतियों और फसल उत्पादन की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा कीट एवं रोग प्रबंधन तथा वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के व्यावहारिक गुर भी सिखाए जाएंगे।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पॉलीहाउस के माध्यम से संरक्षित खेती स्वरोजगार और आय बढ़ाने का बेहतर विकल्प है। इससे कम भूमि में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के साथ मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के प्रभाव को भी कम किया जा सकता है।

मंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद किसान आधुनिक तकनीकों को अपने खेतों में अपनाएंगे और दूसरे किसानों को भी वैज्ञानिक खेती के लिए प्रेरित करेंगे।

Next Story