उत्तराखंड

200 छात्राओं ने सीखे जिंदगी बचाने के गुर, भूकंप से लेकर आग बुझाने तक की ट्रेनिंग

Admindelhi1
28 Nov 2026 3:52 PM IST
200 छात्राओं ने सीखे जिंदगी बचाने के गुर, भूकंप से लेकर आग बुझाने तक की ट्रेनिंग
x
आपदा से मुकाबले के लिए तैयार होंगी बेटियां, ITBP ने दिया प्राथमिक उपचार और रेस्क्यू का प्रशिक्षण

मसूरी: आपातकालीन परिस्थितियों में जान बचाने के लिए मसूरी के श्री सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज में जीवन रक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रोटरी क्लब ऑफ मसूरी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 छात्राओं ने हिस्सा लिया।

भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के विशेषज्ञों ने छात्राओं को भूकंप, आग और अन्य आपदाओं से बचाव के तरीके सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान भूकंप से बचने के लिए 'झुको, ढको और पकड़ो' तकनीक का प्रदर्शन किया गया।

छात्राओं को प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव रोकने, पट्टी बांधने, अस्थायी स्ट्रेचर बनाने और रस्सियों की मदद से रेस्क्यू करने का अभ्यास भी कराया गया। इसके अलावा अग्निशामक यंत्र के इस्तेमाल और आग लगने पर सुरक्षित बाहर निकलने की जानकारी दी गई।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नम्रता श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह का व्यावहारिक प्रशिक्षण छात्राओं को आपातकाल में खुद के साथ दूसरों की जान बचाने के लिए भी तैयार करता है।

Next Story