उत्तर प्रदेश

Noida के सेक्टर-12 में युवक की गोली मारकर हत्या

Admindelhi1
12 Jun 2025 2:17 PM IST
Noida के सेक्टर-12 में युवक की गोली मारकर हत्या
x
स्कूटी छोड़कर फरार हुए आरोपी

नोएडा: सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 में स्थित एक मकान में बुधवार को गोली चलने की घटना में एक युवक की मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात की पुष्टि नोएडा पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में की गई है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना डायल 112 पर मकान मालिक द्वारा दी गई, जिसके बाद थाना सेक्टर-24 की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

प्रेस विज्ञप्ति के हवाले से बताया गया है कि 10 जून की शाम को पवन नामक युवक अपने एक साथी के साथ किराए पर मकान देखने आया था। मकान पसंद आने पर दोनों युवक 11 जून की सुबह टोकन अमाउंट देने दोबारा आए और मकान की सफाई करने लगे। उसी दौरान उन्होंने अपने परिचित ओमपाल को मिलने के लिए बुलाया।

कुछ समय बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब मकान मालिक कमरे में पहुंचे तो ओमपाल को मृत अवस्था में पाया गया। घटना के बाद पवन और उसका साथी अपनी स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान ओमपाल भाटी पुत्र चंद्रपाल सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सिकंदराबाद, जिला बुलंदशहर का निवासी था और वर्तमान में सेक्टर-94 नोएडा में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, घटना की जांच के लिए तत्काल कई टीमों का गठन कर दिया गया है। मौके से सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, जल्द ही इस घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घटना से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते थे, जिससे व्यक्तिगत रंजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

नोएडा पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Next Story