उत्तर प्रदेश

कचरा डालने को लेकर विवाद में युवक को मारी गोली, मौत

Harrison
26 March 2024 6:10 PM GMT
कचरा डालने को लेकर विवाद में युवक को मारी गोली, मौत
x
शाहजहांपुर: लालपुर गांव कूड़ा डालने को लेकर चली आ रही रंजिश में मंगलवार शाम को दो पक्षों में फिर से कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों से लाठी डंडे भी चल गए। इसी बीच एक पक्ष ने फायरिंग कर दी, जिसमें होमगार्ड समेत तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को मेडिकल कालेज लाया गया। जहां डाक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।होमगार्ड की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जबकि दूसरे पक्ष के लोग भी लाठी, डंडे से तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पर भेजा गया। घटना का कारण कूड़ा डालने का विवाद बताया गया है। पुलिस अधिकारी गांव में पहुचे और गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।कांट थाना क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी अरविंद कुमार की गांव के नीरज से कूड़ा डालने को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। मंगलवार की रात करीब 7: 30 बजे नीरज, अखिलेश, लक्ष्मीकांत, अभय आदि अरविंद के दरवाजे पर आए और कूड़ा डालने को लेकर गाली-गलौज करने लगे। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। लाठी-डंडे भी चलने लगे।
इस दौरान नीरज, अखिलेश, लक्षमीकांत ने अरविंद के मकान पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने डर के कारण घरों के दरवाजे बंद कर लिए। इस दौरान गोली लगने से अरविंद का 18 वर्षीय बेटा अनुराग, होमगार्ड महेशपाल और विपिन घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के नीरज, मीना कुमारी, अनिल लाठी-डंडा लगने से घायल हो गए। सूचना पर कांट प्रभारी निरीक्षक दया शंकर सिंह मौके पर पहुंचे और गोली से घायल एक पक्ष के अनुराग (18) पुत्र अरविंद, होमगार्ड महेश कुमार, विपिन को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। जहां डाक्टर ने अनुराग को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल होमगार्ड महेश की हालत गंभीर होने पर लखनऊ मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। होमगार्ड रामचंद्र मिशन थाने में तैनात है। घायल विपिन का मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। दूसरे पक्ष के लाठी-डंडे से घायल नीरज, मीना कुमारी, अनिल को सीएचसी कांट पर भेजा गया। इधर, खबर मिलने पर एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सदर अमित चौरसिया गांव पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी की। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले दरवाजे पर कूड़ा डालने को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद में इतनी बड़ी घटना हो गई। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि तहरीर नहीं आई है और तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
Next Story