उत्तर प्रदेश

Noida में युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार मिलेगा प्रशिक्षण

Ratna Netam
10 July 2026 10:07 PM IST
Noida में युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार मिलेगा प्रशिक्षण
x

Noida नोएडा : जनपद गौतमबुद्ध नगर के युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने और उन्हें उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय एवं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कौशल एवं रोजगार उन्मुख कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला शुक्रवार को जीएनआईओटी, ग्रेटर नोएडा में आयोजित हुई, जिसमें शिक्षण संस्थानों, उद्योगों और एमएसएमई प्रतिनिधियों ने भाग लेकर रोजगार के अवसरों और कौशल विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को बदलते औद्योगिक माहौल, रोजगार के नए अवसरों, आधुनिक कौशल की आवश्यकता और उद्योगों की वर्तमान मांगों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ाया जाए, ताकि उन्हें पढ़ाई के बाद बेहतर अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम में दिल्ली टेक्निकल कैंपस, मंगलमय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, राम-ईश इंस्टीट्यूट, एक्यूरेट इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज, द्रोणाचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, इनोवेटिव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एनआईईटी) और लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

इसके अलावा आर्या फैशन्स, सिद्धि इन्फो नेट, राल्वो इंजीनियरिंग, मातंगी पॉलिमर्स, एयर फ्लो, केयर डेकोर इंडिया सहित कई एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) और इंडियन बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के प्रतिनिधियों ने भी युवाओं के कौशल विकास और उद्योगों की जरूरतों को लेकर अपने विचार साझा किए।

जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में टीसीएस के सहयोग से स्नातक उत्तीर्ण और गैर-तकनीकी अभ्यर्थियों के लिए विशेष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के “रोजगार संगम” पोर्टल और टीसीएस आयन (TCS iON) पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके माध्यम से योग्य उम्मीदवारों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यशाला के दौरान एमएसएमई प्रतिनिधियों ने उद्योगों में कुशल कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि उद्योगों को जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध नहीं हो पाता। इस पर जिला सेवायोजन अधिकारी ने आश्वासन दिया कि विभाग टीसीएस के सहयोग से उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप योग्य और प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की पहचान कर उन्हें रोजगार से जोड़ने का काम करेगा।

कार्यक्रम के दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय गौतमबुद्ध नगर और आर्या फैशन के बीच रोजगार सृजन एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुसार प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

अधिकारियों ने कहा कि इस पहल से एक ओर जहां उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलेगा, वहीं दूसरी ओर युवाओं को उनकी योग्यता और क्षमता के अनुसार रोजगार प्राप्त करने में मदद मिलेगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए।

Next Story