उत्तर प्रदेश

Electricity समस्याओं को लेकर युवक कांग्रेस ने खोला मोर्चा, डीएम को सौंपा ज्ञापन

Ratna Netam
10 July 2026 7:43 PM IST
Electricity  समस्याओं को लेकर युवक कांग्रेस ने खोला मोर्चा, डीएम को सौंपा ज्ञापन
x

Moradabad मुरादाबाद : महानगर युवक कांग्रेस ने बिजली उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को महानगर युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एडवोकेट अरमान खुर्शीद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिजली विभाग की कथित लापरवाही, बिना अनुमति विद्युत लोड बढ़ाने, जर्जर हाईटेंशन लाइनों, अघोषित बिजली कटौती और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया।

प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। जिलाध्यक्ष एडवोकेट अरमान खुर्शीद ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता विभागीय मनमानी और अव्यवस्थाओं से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में उपभोक्ताओं की सहमति या आवेदन के बिना ही बिजली का लोड बढ़ा दिया गया, जिससे उनके बिलों में अनावश्यक वृद्धि हो गई है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने मांग की कि जिन उपभोक्ताओं का विद्युत भार बिना अनुमति बढ़ाया गया है, ऐसे सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच के बाद गलत तरीके से बढ़ाए गए लोड को तत्काल प्रभाव से पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी उपभोक्ता का लोड उसकी लिखित सहमति और उचित प्रक्रिया के बिना नहीं बढ़ाया जाए।

ज्ञापन में मुरादाबाद के सेठ भंसिया क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवती की मौत और एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की घटना का भी उल्लेख किया गया। युवक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर और आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रही जर्जर हाईटेंशन लाइनें लोगों की जान के लिए खतरा बनी हुई हैं। उन्होंने बिजली विभाग से मांग की कि ऐसी खतरनाक लाइनों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। जब तक यह कार्य पूरा नहीं होता, तब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

युवक कांग्रेस ने बिना सूचना बिजली कटौती का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया। अरमान खुर्शीद ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा अचानक कटौती किए जाने से आम जनता को भारी परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि किसी भी प्रस्तावित शटडाउन या बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी उपभोक्ताओं को पहले से दी जाए, जिससे लोग अपनी आवश्यक व्यवस्थाएं कर सकें।

उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए प्रशासन और बिजली विभाग को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन जनता के हित में आगे भी आंदोलन जारी रखेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान एडवोकेट अरमान खुर्शीद के अलावा असलम खुर्शीद, अनूप दुबे, असद मोलाई, विवेक गुप्ता, शहजाद खान, अफजल साबरी, भयंकर सिंह मौर्य, राजेंद्र सिंह, जुनई प्रसाद, अनिल गुर्जर, मोहित सिंह, शकील चौधरी सहित बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Next Story