- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Marriage के 7 महीने...
Marriage के 7 महीने बाद युवक की मौत, ससुराल में शव मिलने से सनसनी

Saharanpur सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव दूधला बुखारा में एक युवक का शव उसकी ससुराल में फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कांशीराम कॉलोनी निवासी भरत कुमार (29) के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, भरत कुमार की शादी करीब सात महीने पहले गांव दूधला बुखारा निवासी सोनिया के साथ हुई थी। शादी के बाद पारिवारिक सहमति से भरत अपनी पत्नी के साथ ससुराल में ही घर जमाई बनकर रहने लगा था। वह एक कोल्डड्रिंक फैक्टरी में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले बीती रात भरत ने अपनी मां संतोष से फोन पर बातचीत की थी। बातचीत के दौरान उसने खाना खाने की बात कही थी। इसके बाद सुबह उसकी ससुराल से परिवार को सूचना मिली कि भरत का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला है।
सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार के लोग गांव दूधला बुखारा पहुंचे। वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची देहात कोतवाली पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक की मां संतोष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि भरत की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग उस पर लगातार रुपये लाने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मानसिक प्रताड़ना के कारण उनके बेटे की हत्या की गई है और घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है।
परिजनों ने यह भी दावा किया कि भरत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक बड़े भाई की पहले ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। परिवार का कहना है कि भरत के साथ शादी के बाद से ही परेशानियां चल रही थीं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मृतक के परिवार की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस का कहना है कि यदि जांच के दौरान किसी तरह की आपराधिक गतिविधि या प्रताड़ना के तथ्य सामने आते हैं तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिवार तथा ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है।





