- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Yogi's का बड़ा...
Yogi's का बड़ा आश्वासन, पैसे के अभाव में नहीं रुकेगा किसी का इलाज

गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर नागरिक की समस्या का समाधान कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों के इलाज में आर्थिक बाधा नहीं आने दी जाएगी। सरकार ऐसे मरीजों को हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।
गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों की बात गंभीरता से सुनी और उनके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द से जल्द समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और हर अधिकारी को संवेदनशीलता के साथ लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई करनी होगी।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी पीड़ित व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। शिकायत लेकर आने वाले लोगों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारिवारिक विवादों के मामलों में पहले आपसी संवाद और समझौते का प्रयास किया जाना चाहिए। यदि बातचीत से समाधान नहीं निकलता है तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर समस्या का निस्तारण पारदर्शिता, गुणवत्ता और संतुष्टि के आधार पर किया जाए।
जनता दर्शन के दौरान कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मरीजों के इलाज में आने वाले खर्च का आकलन कर जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि सरकार की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता मुहैया कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि हर गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के भी निर्देश दिए, जिससे उन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत मिल सके।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। किसी भी जरूरतमंद को सरकारी सहायता पाने के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखें, बल्कि मौके पर जाकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार आम जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से जन शिकायतों की समीक्षा करें और लंबित मामलों का जल्द निपटारा करें।





