उत्तर प्रदेश

Yogi ने खोला विकास का पिटारा, अमरोहा को मिली 43 योजनाओं की सौगात

Ratna Netam
18 July 2026 8:35 PM IST
Yogi  ने खोला विकास का पिटारा, अमरोहा को मिली 43 योजनाओं की सौगात
x

Amroha अमरोहा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अमरोहा जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान जिले में 207.49 करोड़ रुपये की लागत वाली 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। हाईवे स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों का अवलोकन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा की प्रसिद्ध ढोलक निर्माण कला की प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय शिल्पकारों से बातचीत कर उनकी कला और मेहनत की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरोहा की ढोलक और तबला निर्माण की परंपरा देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी अलग पहचान रखती है। सरकार स्थानीय कारीगरों और पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जिले के विकास को गति देने वाली 43 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में अमरोहा विधानसभा क्षेत्र की 25 और धनौरा विधानसभा क्षेत्र की 18 परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से जिले में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री और प्रमाणपत्र भी वितरित किए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूह, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्वरोजगार योजनाओं और किसान ड्रोन अनुदान योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, चेक और अन्य सहायता प्रदान की।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिले का आम देश और विदेश में अपनी गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे और अन्य बड़ी आधारभूत परियोजनाओं के पूरा होने के बाद अमरोहा में व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने चीनी उद्योग को मजबूती दी है और गन्ना किसानों के हितों में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

सीएम योगी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों की व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, रामनवमी और तिगरी मेले जैसे बड़े आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सरकार बेहतर व्यवस्था कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अमरोहा बेहतर सड़क, उद्योग, निवेश और रोजगार के अवसरों के साथ प्रदेश के तेजी से विकसित होने वाले जिलों में शामिल होगा।

Next Story