उत्तर प्रदेश

किसानों के लिए भाजपा सरकार की गलत नीतियां हो रही जानलेवा : अखिलेश यादव

Rani Sahu
14 Sept 2023 6:28 PM IST
किसानों के लिए भाजपा सरकार की गलत नीतियां हो रही जानलेवा : अखिलेश यादव
x
लखनऊ (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है। कर्ज और महंगाई से तबाह किसानों के लिए भाजपा सरकार की गलत नीतियां जानलेवा साबित हो रही हैं।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि भाजपा की नीतियां किसान विरोधी और पूंजीपतियों की समर्थक हैं। सरकार की गलत नीतियों से बड़े-बड़े पूंजीपति बैंकों का हजारों करोड़ रूपए लेकर विदेश भाग गए। भाजपा सरकार ने पूंजीपतियों का लाखों करोड़ रूपया माफ कर दिया। उत्तर प्रदेश में कुछ हजार रूपये कर्ज वसूली में किसान की जान ले ली जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के इशारे पर कर्ज वसूली के नाम पर बैंक कर्मी किसानों को बेइज्जत करते हैं, तरह-तरह से प्रताड़ित करते हैं। मंगलवार को लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ के जमालपुर गांव में भूमि विकास बैंक कर्मचारियों की संवेदनहीनता ने किसान छोटेलाल की जान ले ली। किसान ने बैंक से 60,000 का कर्ज लिया था।
जानकारी मिली है कि बैंक के लोग 60 हजार रूपये का ब्याज समेत तीन लाख रूपया वसूलने आये थे। बैंक अधिकारियों ने किसान छोटे लाल को घंटों जीप में बिठाए रखा। प्रताड़ना से आहत किसान की मौत हो गयी। इससे पहले बुन्देलखंड के जिलों में कर्ज से डूबे कई किसान आत्महत्या कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को लेकर संवेदनहीन बनी हुई है। इसी तरह से बिजली चेकिंग के नाम पर पूरे प्रदेश में किसानों से अवैध वसूली हो रही है और प्रताड़ित किया जा रहा है। एक तरफ सरकार किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली का झूठा वादा करती है। दूसरी तरफ किसानों से चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। एफआईआर कर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
Next Story