उत्तर प्रदेश

महिलाओं ने एक आशा संगिनी की गले से चेन की पार

Admin4
6 March 2023 8:15 AM GMT
महिलाओं ने एक आशा संगिनी की गले से चेन की पार
x
लखीमपुर-खीरी। होली को लेकर प्वाइंटों और चौराहों पर तैनात पुलिस का अपराधियों में कितना खौफ है। इसकी बानगी रविवार को देखने को मिली। ई-रिक्शा पर शहर में घूम रहीं चोरनी गैंग की महिलाओं ने एक आशा संगिनी की गले से चेन पार कर दी और आराम से भाग निकलीं। पीड़ित महिला जब मंडी समिति के पास ई-रिक्शे से उतरी और गले पर हाथ डाला तो उसकी चेन गायब थी। पीड़ित महिला ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
होली त्योहार को लेकर बाजार में भारी भीड़भाड़ हो रही है। इसको लेकर शहर के सभी प्रमुख चौराहों, पिकेट पर महिला और पुरुष सिपाही तैनात हैं। इसके अलावा बाजारों में भी सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके बाद भी अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। शहर में कई दिनों से सक्रिय चोरनी गैंग की सदस्यों ने एक महिला की सोने की चेन उड़ा ली और भाग निकली। शहर के राजापुर निवासी शैलेंद्री वर्मा ने बताया कि वह आशा संगिनी के पद पर कार्यरत हैं। रविवार को सीएमओ ऑफिस से आयोजित हुई साइकिल रैली में भाग लेने के बाद दोपहर बाद वह ई-रिक्शा से घर जा रहीं थीं। ई-रिक्शा पर उसके बगल में चार अन्य महिलाएं भी बैठी हुईं थीं। किसी समय महिलाओं ने उनके गले की चेन काट ली और सभी चारों महिलाएं सौजन्या चौराहा के पास ई-रिक्शे से उतर गईं। आशा संगिनी शैलेंद्री वर्मा जब मंडी समिति राजापुर के पास ई-रिक्शे से नीचे उतरीं तो उन्होंने अपने गले पर हाथ डाला तो देखा दो तोले की पहनी सोने की चेन गायब थी। यह देख उसके होश उड़ गए। महिला ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजन महिला को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
त्योहारी सीजन में चोरी, लूट, छिनैती, जेबकतरी आदि की घटनाएं बढ़ जाती हैं। शहर में पिछले साल की तरह इस बार भी चोरनी गैंग सक्रिय हो गया है। गैंग की सदस्य कहीं ई-रिक्शे पर सफर के दौरान महिलाओं की चेन पार कर देती हैं तो कहीं बाजार और मंदिर पर होने वाली भीड़ भाड़ में हाथ साफ कर रफू चक्कर हो जाती हैं। 27 फरवरी को चोरनी गैंग की महिलाएं खपरैल बाजार में धौरहरा के गांव वाली निवासी आशा अवस्थी और शहर की मेला मैदान रोड निवासी सुधा कुशवाहा की चेन पार कर दी थी। हालांकि सदर कोतवाली पुलिस ने सीतापुर जिले के थाना कमलापुर के मोहल्ला मास्टर बाग निवासी पूजा उर्फ आचल रावत और रामदेवी राजवंशी को गिरफ्तार कर लिया था और चेन बरामद कर दोनों का चालान भेजा था। तीसरी घटना थाना फरधान क्षेत्र में देवकली तीर्थ पर हुई थी। 20 फरवरी को मंदिर में पूजा अर्चना करते समय किसी ने लखीमपुर शहर के भंसडिया निवासी अनुज कुमार वर्मा की मां शिव मती की चेन चोरी कर ली थी। हालांकि पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद भी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।-चंद्रशेखर सिंह प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सदर
Next Story