उत्तर प्रदेश

पल्लवपुरम में मिला महिला का शव, महिला की गला दबाकर हत्या

Admin Delhi 1
13 Feb 2023 9:56 AM GMT
पल्लवपुरम में मिला महिला का शव, महिला की गला दबाकर हत्या
x

मोदीपुरम: पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के एकता नगर में किराए के मकान में रह रही एक महिला का शव रविवार को कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। अल्लूपुर थाना मीरापुर मुजफ्फरनगर निवासी नीतू की शादी 13 नवंबर 2021 में सरधना थाना क्षेत्र के निहाली गांव निवासी देवेंद्र से हुई थी। 26 जनवरी को देवेंद्र पत्नी नीतू के साथ पल्लवपुरम आ गया और एकता नगर में धर्मपाल के मकान में किराये पर रहने लगा।

देवेंद्र मजदूरी करता है। शादी के बाद दोनों के कोई बच्चा नहीं है। रविवार को धर्मपाल की पत्नी ऊपर गई तो कमरा खुला था। इस पर उसने नीतू को आवाज लगाई। कई आवाज देने पर भी जब कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो वह कमरे में पहुंची तो देखा नीतू कंबल ओढ़कर सोई हुई है, लेकिन फिर भी आवाज देने पर वह नहीं उठी। इस पर उसे शक हुआ और उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कंबल हटाकर देखा तो नीतू मृत मिली। नीतू के गले पर निशान मिले। जिस पर पुलिस ने फॉरेंसिक व डॉग स्क्वाड की टीम को मौक पर बुलाया। टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस का मानना है कि पति देवेंद्र ने गला दबाकर नीतू की हत्या की और फरार हो गया। सूचना मिलने पर नीतू के मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए।

बहन सुधा ने देवेंद्र पर हत्या व ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, इस संबंध में क्षेत्राधिकारी दौराला अभिषेक पटेल का कहना है कि महिला की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। महिला के परिवार वालों ने दहेज हत्या की तहरीर दी हैं। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज होगी।

Next Story