- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- 440 वोल्ट विद्युत तार...

x
अयोध्या। शुक्रवार की सुबह शौच को निकली 55 वर्षीय एक महिला बाग में गिरे 440 वोल्ट विद्युत तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक महिला वापस नहीं लौटी तो परिवारजनों ने खोजबीन शुरू की। खोजते खोजते शव के पास बाग में पहुंचे तो पूरे मामले की जानकारी हुई। बिजली विभाग को फोन कर लाइन बंद कराई गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
घटना बीकापुर सर्किल के थाना क्षेत्र हैदरगंज में स्थित ग्राम पंचायत थरिया कला के मजरे जहली पाठक का पुरवा की है। मृतका की शिनाख्त इसी गांव की निवासी पछुहवा पत्नी सिद्धू के रूप में हुई है। परिवारजनों ने बताया कि महिला भोर में गांव से बाहर बाग की तरफ शौच के लिए गई थी।
बाग में गांव निवासी कृष्ण कुमार पाठक के ट्यूबवेल के लिए खींची गई 440 वोल्टेज की लाइन का तार टूट कर गिरा पड़ा था। जिसमें विद्युत प्रवाहित हो रही थी। उधर से गुजर रही महिला चपेट में आ गई और विद्युत स्पर्शाघात से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खोजबीन शुरू हुई तो वह बाग में विद्युत तार से लिपटी मिली।
गांव निवासी सदानंद पाठक ने पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी और लाइन बंद कराई। घटना के बाद परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। थानाध्यक्ष हैदरगंज अशोक यादव ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Next Story