उत्तर प्रदेश

पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति के खिलाफ मामला दर्ज

Rani Sahu
30 May 2022 6:14 PM IST
पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति के खिलाफ मामला दर्ज
x
बदायूं में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आपसी विवाद को लेकर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी

बदायूं में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आपसी विवाद को लेकर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सिविल लाइंस क्षेत्र के मिचौना की मड़ैया गांव निवासी प्रमोद कुमार ने रविवार रात अपनी पत्नी माधुरी (21) को कथित रूप से आपसी विवाद को लेकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। माधुरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रमोद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के मुताबिक, माधुरी अपने चचेरे देवर के साथ हिमाचल प्रदेश चली गई थी और उसी के साथ रहना चाहती थी। उन्होंने बताया कि प्रमोद कुछ दिन पहले ही माधुरी को वापस ले आया था और उसे उसकी बुआ के घर बादशाहबाद में छोड़ दिया था। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, माधुरी के पिता ने बताया कि प्रमोद रविवार रात तमंचा लेकर माधुरी के पास पहुंचा और उसकी बुआ के सामने ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।


Next Story