उत्तर प्रदेश

पत्नी ने कुएं में कूदकर दी जान, सदमे में पति ने भी खा लिया जहरीला पदार्थ

Teja
19 Feb 2023 12:08 AM IST
पत्नी ने कुएं में कूदकर दी जान, सदमे में पति ने भी खा लिया जहरीला पदार्थ
x

बांदा। जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के बाघा गांव में शनिवार (Saturday) को एक महिला ने खेत में बने कुएं में कूदकर जान दे दी. जैसे ही जानकारी पति को मिली तो उसने भी जहरीला पदार्थ खा लिया. परिजनों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है. इस दंपत्ति की 8 माह पूर्व शादी हुई थी.

ग्राम बाघा निवासी अजय कुमार की शादी इसी थाना क्षेत्र के ग्राम कोनी का पुरवा में 8 माह पूर्व हुई थी. परिजनों के मुताबिक शादी के बाद से दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था. आज भी किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद पत्नी विनीता कुशवाहा (21) नाराज होकर खेतों की तरफ चली गई. यहां उसने खेत में बने एक कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. इधर जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी तो उसकी खोजबीन शुरू हुई. अजय का छोटा भाई ढूंढते ढूंढते उसी कुएं में पहुंच गया जहां वह कूद गई थी. कुएं के पास ही मृतका की चप्पलें पड़ी थी. जब यह जानकारी छोटे भाई ने अजय को दी. तो सदमे में आकर अजय ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया.

अजय के बड़े भाई राजेंद्र कुमार ने बताया कि अभी शादी के मात्र 8 माह गुजरे थे. मृतका गर्भवती थी. दोनों के बीच क्या विवाद हुआ, क्यों उसने यह कदम उठाया. अभी तक इसकी जानकारी नहीं है. घटना के बाद भाई ने भी जहर खा लिया है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसके होश आने के बाद ही घटना की जानकारी हो पाएगी.

इस बारे में क्षेत्राधिकारी बबेरू आरके सिंह ने बताया कि पति पत्नी के बीच शादी के बाद से ही विवाद चल रहा था. आज भी दोनों के बीच झगड़ा हो जाने के बाद गुस्से में विनीता कुशवाहा ने खुदकुशी कर ली. तभी उसके पति ने भी जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की. जिसका इलाज चल रहा है. महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है.

Next Story