- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- कर्मचारी भिड़े तो...
कर्मचारी भिड़े तो भागना पड़ा, शॉप पर टॉय गन लेकर लूटने पहुंचे

गाजियाबाद: जूलर की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों की सूझबूझ से लूट होने से बच गई। वसुंधरा सेक्टर-16 में शुक्रवार की दोपहर को 2 लोगों ने लूट का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारियों ने मिलकर लुटेरों को खदेड़ दिया। इससे वे बैग व बाइक छोड़कर पैदल ही भाग गए। सारी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वसुंधरा सेक्टर-16 में गीता ज्वैलर्स के नाम से गहनों की दुकान है, जिसके मालिक शुभाशीष हैं। शुक्रवार दोपहर करीब सवा दो बजे दुकान के कर्मचारी सुरेंद्र और दीपक की मौजूदगी में लुटेरों ने हमला बोल दिया। बाइक खड़ी करके हेलमेट पहने हुए दुकान में घुसे बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों पर पिस्टल तानकर गहने बैग में भरने लगे। इस दौरान दोनों कर्मचारियों सूझबूझ दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गए। वहीं, दुकान से थोड़ी दूरी पर मौजूद शुभाशीष के फोन पर सीसीटीवी कनेक्टिविटी होने के चलते नजर पड़ी तो होश उड़ गए। जैसे ही दुकान का शटर गिराकर पकड़ने का प्रयास किया वैसे ही लुटेरे भाग निकले।
दुकान के मालिक ने बताया कि लुटेरों ने पिस्टल लगाकर गिराने का प्रयास किया। कर्मचारी सुरेंद्र को पेचकस व शुभाशीष पर पैर से मारा। लुटेरों की पिस्टल से भी न डरते हुए दोनों कर्मचारियों ने लुटेरों को खदेड़ दिया। शोर मचाते हुए उनके पीछे दौड़े। ऐसे में लुटेरों को बैग व बाइक छोड़कर भागना पड़ा।
खिलौने वाली निकली पिस्टल
सुरेंद्र व दीपक जब लुटेरों से भिड़ गए तो उन्हें पता चला कि पिस्टल असली नहीं हैं। इस पर उनका मनोबल और बढ़ गया। उन्होंने पकड़ने की पुरजोर कोशिश की। आसपास काफी लोग भी जमा हो गए थे। दुकानदार भी मौजूद थे, लेकिन कोई भी मदद करने नहीं आया।
