उत्तर प्रदेश

पश्चिम यूपी के तूफान ने मचाई तबाही

Shreya
24 Jun 2023 8:22 AM GMT
पश्चिम यूपी के तूफान ने मचाई तबाही
x

मेरठ। पश्चिम यूपी के जिलों में आज शनिवार को अचानक से मौसम बदल गया। पिछले कई दिनों से जहां लोग गर्मी और उमस से परेशान थे वहीं मौसम में बदलाव से उमस से छुटकारा मिला। आंधी और तूफान ने जमकर तबाही मचाई है। इसके चलते कई जिलों में पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं। वहीं दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर होर्डिग गिरने से यातायात बाधित हुआ। मौसम विभाग ने दो दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी बारिश की संभावना है।

दिन में 10 बजे शाम 7 बजे जैसा नजारा

मेरठ में शनिवार को सुबह दस बजे आसमान में छाए बादलों और धूल के गुबार से ऐसा माहौल हो गया। जैसा कि शाम को 7 बजे होता है। चारों ओर दिन मे 10 बजे ही घोर अंधेरा छा गया। तूफान के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष ने बताया कि इस समय एक पश्चिम विक्षोभ बना हुआ है। जिसके चलते उमस और गर्मी के बाद निम्न दाब उत्पन्न होगा और बारिश के हालात बनेगे। उन्होंने बताया कि अभी दो दिन तक ऐसे ही मौसम रहने की संभावना है।

आज दिन में तापमान में आएगी गिरावट

उन्होंने बताया कि बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। अभी मौसम दो दिन तक ऐसे ही बना रहेगा। बता दें कि पिछले कई दिनों से तापमान तो 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे था। लेकिन उमस का प्रतिशत 78 होने के कारण गर्मी का अहसास लोगों को हो रहा था। चिलचिलाती गर्मी में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि शुक्रवार को दिन में हल्की धूप निकली। लेकिन उमस ने पसीना निकाल दिया था। आज बदले मौसम से लोगों ने राहत की सांस ली है।

Next Story