- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Weather: जानलेवा बारिश...
उत्तर प्रदेश
Weather: जानलेवा बारिश पर सरकार अलर्ट, CM ने दिए तत्काल राहत आदेश
Tara Tandi
24 May 2025 12:47 PM IST

x
Lucknow लखनऊ । उत्तर प्रदेश में पहले आंधी ने आफत मचायी और अब गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। बुधवार की रात से गुरुवार की शाम तक 21 जिलों में आंधी-बारिश, ओलावृष्टि, बिजली गिरने से लोगों की जानें गईं हैं। शुक्रवार को शासन की ओर से किस जिले में कितनीं जानें गईं, नाम समेत सूची जारी की गई है।
दरअसल, बुधवार की रात से गुरुवार की शाम तक के बीच आंधी-बारिश ने लगभग पूरे प्रदेश में तबाही मचाई। कहीं दीवार गिरी, कहीं पेड़ गिरे और कहीं बिजली के खंभे। राज्य के 21 जिलों में आई आपदा की चपेट में आकर 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। कई जगहों पर बिजली के खंभे भी उखड़ गए, जिससे काफी समय तक बिजली प्रभावित रही। हालांकि शासन से जारी की गई लिस्ट में 50 मृतकों के नाम हैं।
इस सूची के अनुसार अलीगढ़, हाथरस, चित्रकूट, अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, उन्नाव में 1-1 व्यक्तियों की मौत हुई है। गाजियाबाद, इटावा, कानपुर देहात में 2 लोगों की मौत हुई है। बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, कानपुर नगर, कन्नौज और एटा में 3-3 लोगों की जान गई है। मेरठ और औरेया में 4-4 लोगों की मौत हुई है। कासगंज, और फतेहपुर में 5-5 व्यक्तियों की मौत हुई है। हाथरस में पेड़ गिरने से एक और व्यक्ति की मौत हुई है लेकिन उसके परिवार वालों ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया।
बुधवार-गुरुवार की रात बुलंदशहर में 89 किमी प्रति घंटे तो मेरठ में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं। आगरा, अलीगढ़ क्षेत्र के साथ प्रदेश के अन्य पूर्वी इलाकों में भी 50 से 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे कई इलाकों में टिन की छतें व छप्पर उड़ गए।
तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करें : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश, ओलावृष्टि के मद्देनजर प्रभावित जिलों के डीएम को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे करें तथा राहत कार्य पर नजर रखें। आकाशीय बिजली, आंधी तूफान, बारिश आदि आपदा से जनहानि और पशुहानि होने की स्थिति में तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करें व घायलों का समुचित उपचार कराया जाए। अधिकारी सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजें, ताकि इस संबंध में आगे की कार्यवाही की जा सके।
अगले कुछ दिनों आएगी बारिश, गिरेगा तापमान
उप्र. में मौसम विभाग ने 28 मई तक बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वहीं शनिवार तक राज्य में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी हो सकती है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढोत्तरी होने की संभावना है।
मौसम में बदलाव दे रहा नौतपा न तपने का संदेश
इस बार नौतपा 25 मई से 2 जून तक है, लेकिन मौसम में जिस तरह का बदलाव देखा जा रहा है, उससे नौतपा न तपने के आसार नजर आ रहे हैं। राजधानी में पिछले कई दिन से अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम है। बूंदाबांदी, बारिश के साथ होने के साथ पूर्वा हवा भी चल रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 और न्यूनतम 0.1 कम रहा। अधिकतम तापमान 38.0 और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन भर बादलों की आवाजाही लगी रही। पूर्वी हवा की वजह से नमी रही, लेकिन उमस ने परेशान किया। शनिवार को तेज हवा चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 3 दशकों में मई के महीने में सबसे कम अधिकतम तापमान 2021 में 29 मई को 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वर्ष 2022 में 22 मई को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज हुआ था। उसके बाद वर्ष 2023 में 2 मई को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा था। 22 मई 2025 को अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री डिग्री दर्ज किया गया।
TagsWeather जानलेवा बारिशसरकार अलर्टCM दिए तत्काल राहत आदेशWeather deadly raingovernment alertCM gives immediate relief ordersजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





