- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- डॉक्टर के तबादले को...

x
बड़ी खबर
मेरठ। एक डॉक्टर के तबादले को लेकर शुरु हुआ विवाद अब राजनीतिक रुप लेता जा रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री और मुजफ्फरनगर के सांसद डॉक्टर संजीव बालियान द्वारा डॉक्टर का पक्ष लिए जाने से खफा क्षेत्र के राजपूत समाज ने सरधना की पीएचसी पर धरना शुरु कर दिया है। राजपूत उत्थान सभा के कार्यकर्ताओं ने कार्यालय पर तालाबंदी करने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद डॉक्टर संजीव बालियान के खिलाफ नारेबाजी भी की। सरधना के पीएचसी पर डॉ. सचिन कुमार नियुक्त है। बताया जाता है कि पहले यह दौराला पीएचसी पर थे। जहां इन पर विभिन्न आरोप लगाए जाने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इनका तबादला सरधना की पीएचसी पर कर दिया था। सरधना पीएचसी पर भी इनके बारे में लगातार भ्रष्टाचार और दुर्व्यवहार की शिकायतें मिल रही थी। जिसके बाद 7 दिसंबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इनका तबादला खरखौदा पीएचसी के लिए कर दिया था। लेकिन तब से इन्हें कार्यमुक्त नहीं किया जा रहा था।
राजपूत उत्थान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह सोम का आरोप है कि केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान,सचिन कुमार को सपोर्ट कर रहे है और उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने डॉक्टर सचिन को कार्यमुक्त करने का प्रयास किया तो मंत्री खुद मुख्य चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय पर धरना देंगे। अजय सिंह सोम ने कहा कि इसी के विरोध में आज सरधना पीएचसी के प्रशासनिक भवन पर ताला लगा दिया गया है और यहां धरना शुरु कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक इस डॉक्टर को यहां से कार्य मुक्त नहीं किया जाएगा तब तक यह धरना जारी रहेगा। सरधना में डॉक्टर के तबादले का मामला अब राजनीतिक रुप लेता जा रहा है। सरधना के राजपूत समाज का कहना है कि केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने पिछले विधानसभा चुनाव में क्षेत्र के विधायक संगीत सोम का विरोध किया था और संगीत सोम को हराने की भूमिका रची थी। जिसके चलते संजीव बालियान के खिलाफ राजपूत समाज में नाराजगी है। डॉक्टर के तबादले से पूरा मामला अब राजनीतिक रुप लेता जा रहा है।
Next Story