- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Vidhan Sabha Monsoon...
उत्तर प्रदेश
Vidhan Sabha Monsoon Session: विधानसभा में विपक्षियों पर जमकर गरजे CM YOGI
Rani Sahu
20 Sep 2022 1:19 PM GMT

x
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों ने राज्य की बिगड़ी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर इस पर चर्चा की मांग की और हंगामा शुरू कर दिया। प्रश्नकाल के बाद सपा की इस मांग पर सदन में चर्चा हुई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़ा किये तो नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके हर सवाल का जवाब भी दिया और सपा पर हमले भी बोले। मुख्यमंत्री के जवाब से असंतुष्ट सपा के सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की बातों से स्पष्ट हो रहा था कि पर उपदेश कुशल बहुतेरे...। उनको (अखिलेश) यह भी नहीं पता था कि वह जो बोल रहे हैं, किसको बोलना चाह रहे हैं। इस प्रदेश में चार बार समाजवादी पार्टी की सरकार रही है। मुझे लगता है कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता या फिर देश की 135 करोड़ की आवादी में से कोई भी व्यक्ति राजनीतिक रूप से उनसे उपकृत होगा। कोई सपा को सही नजरीय से नहीं देखता होगा। उन्होंने कहा कि कई सर्वे इस बात की गवाही देते हैं कि विगत साढ़े पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरीन सुधार हुआ है। चाहे वह एनिमिया का मामला हो या मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में सुधार।
अखिलेश के डबल इंजन की सरकार पर कटाक्ष का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मौसम में इंसेफलाइटिस की वजह से एक डर व्याप्त रहता था। प्रति वर्ष वहां पर 1200 -1500 से दो हजार मौतें होती थीं। अकेले गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज मं पांच से छह सौ मौतें होती थीं। यह डबल इंजन की सरकार का ही परिणाम है कि आज इंसेफलाइटिस से मौतें ज़ीरो स्तर पर पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोग केवल दूसरों को उपदेश देते हैं। 2012 से 2017 तक सपा की सरकार थी। इनकी सरकारों में प्रदेश के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंदी के कगार पर थे। डॉक्टर्स ही नहीं थे। आज मैं कह सकता हूं कि सरकार के प्रयासों के परिणामस्वरूप एम्बुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम में कमी आयी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक जिला एक मेडिकल कॉलेज के अभियान के तहत बढ़ रहे हैं। इस योजना के तहत 59 जिलों में मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं, या बन चुके हैं। शेष 16 जिलों में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष पर कटाक्ष करते हुए योगी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान नेता प्रतिपक्ष पता नही कहां गायब हो गए थे। कुछ लोग उलटे भ्रम फैला रहे थे। कभी वैक्सीन नहीं लगवाने की बात कर रहे थे तो कभी कुछ और..। चार बार इनकी सरकार रही है। मैं नहीं कहता। पूरी दुनिया कहती है कि सपा के शासनकाल में हर क्षेत्र में केवल अवमूल्यन ही हुआ, नुकसान ही हुआ। इन तथाकथित समाजवादियों ने ही प्रदेश का सबसे ज्यादा नुकसान किया। सपा के नेता को सच बोलने की आदत डाल लेनी चाहिए।
Next Story