उत्तर प्रदेश

Varanasi: गंगा की लहरों में योग गुरु की आखिरी छलांग

Admindelhi1
26 Jun 2025 12:11 PM IST
Varanasi: गंगा की लहरों में योग गुरु की आखिरी छलांग
x

वाराणसी: दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मीरघाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान एक दुखद हादसे में दिल्ली निवासी योग प्रशिक्षक और कुशल तैराक नितिन सिंह (47) की डूबने से मौत हो गई। पत्नी और बच्चों के आखों के सामने गंगा की लहरों में करतब दिखाने के दौरान वे गहरे पानी में समा गए। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

दिल्ली के जनकपुरी निवासी नितिन सिंह अपने परिवार के साथ वाराणसी घूमने आए थे। आज दोपहर में नितिन मीरघाट पहुंचे और स्नान करने गंगा नदी में उतर गए। स्नान के दौरान उन्होंने पत्नी और बच्चों को घाट पर बैठाकर गहरे जल में तरह-तरह के तैराकी करतब दिखाने शुरू किए। वे बार-बार गहरे पानी में डुबकी लगाकर कुछ देर बाद सतह पर आ रहे थे। लेकिन एक डुबकी लगाने के बाद वे काफी देर तक बाहर नहीं आए, जिससे उनकी पत्नी को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने शोर मचाया।

घटना की जानकारी मिलते ही दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुजमणि तिवारी मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ एवं स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू कराया गया। कुछ ही देर में नितिन सिंह को पानी से बाहर निकाला गया। एनडीआरएफ के जवानों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्हें मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से नितिन सिंह की पत्नी और बच्चे गहरे सदमे में हैं। परिजनों को जैसे ही जानकारी मिली, वे वाराणसी के लिए रवाना हो गए हैं।

Next Story