उत्तर प्रदेश

Varanasi: सर्वदलीय छात्र युवा पंचायत के माध्यम से आंदोलन को मिलेगा नया स्वरूप

Admindelhi1
31 May 2025 1:30 PM IST
Varanasi: सर्वदलीय छात्र युवा पंचायत के माध्यम से आंदोलन को मिलेगा नया स्वरूप
x
आंदोलन की बनाएंगे रणनीति

वाराणसी: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में प्रवेश परीक्षा सहित छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर 18 दिनों से प्रचंड गर्मी में दिन-रात धरने पर बैठे आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में सर्वदलीय छात्रों ने बड़ा कदम उठाया है। कुलपति प्रोफेसर ए.के. त्यागी के साथ वार्ता विफल होने के बाद छात्रों ने 31 मई को शाम 4 बजे भारत माता मंदिर पर सर्वदलीय छात्र युवा पंचायत आयोजित करने का ऐलान किया है। इसमें आंदोलन की रणनीति बनाएंगे।

छात्र शुक्रवार की शाम 4 बजे सर्वदलीय छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल कुलपति प्रोफेसर ए.के. त्यागी से उनके कार्यालय में मिला और छात्र हितों से जुड़ी मांगों पर वार्ता की। मांगों में प्रमुख रूप से प्रवेश परीक्षा के बजाय मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया लागू करना शामिल था। हालांकि, कुलपति के असंतोषजनक जवाब से नाराज छात्रों ने वार्ता को विफल करार दिया और आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया।

छात्र नेता अमित पटेल "रिंकू" ने कहा कि प्रवेश परीक्षा के स्थान पर मेरिट आधारित प्रवेश प्रक्रिया ग्रामीण परिवेश और गरीब छात्रों के हित में है। उन्होंने बताया कि सरकारी हिंदी मीडियम स्कूलों से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाले छात्रों का प्रतिशत अक्सर कॉन्वेंट स्कूलों के छात्रों की तुलना में कम रहता है, क्योंकि कॉन्वेंट स्कूलों का प्रतिशत हमेशा अधिक होता है। इससे उच्च शिक्षा में गरीब और सरकारी स्कूलों से पढ़े छात्रों की प्रतिभा का हनन हो रहा है।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए कहा कि दलीय बंधन तोड़कर छात्र अब निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों से आजीज छात्रों ने 31 मई को शाम 4 बजे भारत माता मंदिर पर सर्वदलीय छात्र युवा पंचायत आयोजित करने की घोषणा की है। इस पंचायत में आंदोलन की व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी। वार्ता में अमित पटेल "रिंकू", विकास सिंह (पूर्व महामंत्री), समीर मिश्रा (पूर्व महामंत्री), अजय पाल, अनुपम सिंह (पूर्व अध्यक्ष, गंगापुर परिषद), प्रभु पटेल, शुभम सेठ (पूर्व अध्यक्ष, गंगापुर परिषद), गणेश राय सहित अन्य छात्र नेता शामिल थे।

Next Story