- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Varanasi: किशोरी को...

वाराणसी: चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के ही दो युवकों ने किशोरी को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फरार हो गए। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने किसी से शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।
घटना के बाद पीड़िता गर्भवती हो गई। उसने आरोपियों से शादी करने या गर्भपात में मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। जब परिजनों ने आरोपियों के घरवालों से न्याय की मांग की तो उन्होंने ‘गैर जाति’ का हवाला देते हुए बात करने से इनकार कर दिया।
थक-हारकर पीड़िता पुलिस के पास पहुंची, लेकिन वहां भी उसे दस दिनों तक सिर्फ आश्वासन मिला। आखिरकार शनिवार को, घटना के करीब छह महीने बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
परिजनों की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने किशोरी से पूछताछ के बाद आरोपियों के घर दबिश दी, जिसमें एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोरी की मां मूक-बधिर और दिव्यांग हैं, जबकि पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। पीड़िता की हालत गर्भ के छह महीने पूरे होने के कारण बिगड़ती जा रही है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





