- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Varanasi: जमीन के लालच...
Varanasi: जमीन के लालच में बेटे ने की पिता की हत्या

वाराणसी: रामनगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां संपत्ति के लालच में बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
जंगल में मिला शव, हत्या की आशंका
शनिवार सुबह रामनगर के दुर्गा माता मंदिर के पास 52 बीघा जंगल में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान श्यामजी पटेल (55) निवासी गोरैया, थाना अलीनगर, जनपद चंदौली के रूप में हुई। उनके भाई रामकेश पटेल की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
परिजनों से पूछताछ में पता चला कि श्यामजी पटेल रामनगर के किडजी स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। शुक्रवार रात करीब 7 बजे ड्यूटी से घर लौटने के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। अगले दिन जंगल में उनका शव मिलने पर हत्या की आशंका गहराने लगी।
बेटे ने रची थी खौफनाक साजिश
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के बेटे राजकुमार पटेल पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ में उसने कबूल किया कि तीन लाख रुपये के कर्ज के कारण वह अपने पिता से जमीन में हिस्सेदारी मांग रहा था। जब पिता ने इन्कार कर दिया, तो उसने अपने साढ़ू मयंक पटेल और एक अन्य साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच ली।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
राजकुमार ने पिता को शुक्रवार रात दुर्गा मंदिर के पास बुलाया। वहां मयंक और तीसरे आरोपी के साथ मिलकर उन्हें जंगल में ले गया। जमीन बेचने की बात पर जब पिता ने दोबारा मना किया, तो तीनों ने हमला कर दिया।
मयंक ने मृतक के हाथ पकड़े, राजकुमार ने पैर दबाए, तीसरे आरोपी ने गला घोंट दिया, फिर ईंट से चेहरे पर वार किया, मरने की पुष्टि करने के लिए मयंक ने गले पर पैर रख दिया, इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने 12 घंटे में सुलझाया मामला
रामनगर पुलिस ने रविवार को गोरैया गांव मोड़ से राजकुमार पटेल और मयंक पटेल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
राजकुमार पटेल (39 वर्ष) – मृतक का बेटा, निवासी फत्तेपुर, साहुपुरी
मयंक पटेल (21 वर्ष) – निवासी कौशलपुरी कॉलोनी, वाराणसी
मामले की जांच में ये अधिकारी रहे शामिल
थाना प्रभारी राजू सिंह
चौकी प्रभारी अमीर बहादुर सिंह
एसआई अंशू पाण्डेय, पंकज कुमार मिश्र, वीरेंद्र कुमार मौर्या
हेड कांस्टेबल नवीन कुमार सिंह
कांस्टेबल सर्वेश कुमार, संदीप सिंह, गौरव भारती, शैलेन्द्र सिंह
पुलिस ने बताया कि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।





