- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Varanasi: सनातन रक्षक...
Varanasi: सनातन रक्षक दल के कार्यकर्ताओं को गोदौलिया चौराहे पर रोका गया

वाराणसी: मदनपुरा में बंद मंदिर खोलने और पूजा शुरू करने जा रहे सनातन रक्षक दल के कार्यकर्ताओं को गोदौलिया चौराहे पर पुन: रोक दिया गया. जिला प्रशासन की मौखिक अनुमति की जानकारी पर कार्यकर्ता पूजन करने जा रहे थे. पुलिस ने कहा कि बिना लिखित अनुमति के वे आगे नहीं जा सकते.
मंदिर का स्वामित्व तय होने और डीएम की अनुमति की जानकारी पर सनातन रक्षक दल के प्रमुख अजय शर्मा की अगुवाई में आधा दर्जन कार्यकर्ता मंदिर जा रहे थे. उन्हें गोदौलिया चौराहे से आगे बढ़ने से रोक दिया गया. पुलिस ने पूजा करने के लिए अनुमति पत्र मांगा. जिस पर उन्होंने डीएम की मौखिक अनुमति की बात कही. रोकने से नाराज कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर ही शंखनाद किया. उन्होंने हर-हर महादेव औऱ जय श्रीराम का घोष भी किया. अजय शर्मा ने कहा कि शंखनाद इसलिए किया गया ताकि इसकी आवाज पुलिस और प्रशासन के कानों तक पहुंचे. एसीपी दशाश्वमेध का कहना था कि बिना उच्चाधिकारी के आदेश के वे पूजा शुरू की अनुमति नहीं दे सकते हैं.
समिति बनाकर पूजा कराएंगे: इस सम्बंध में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से मंदिर के स्वामित्व की जांच हो रही थी. लेकिन उस सम्बंध में पुलिस को कोई रिपोर्ट नहीं मिली. लिहाजा, किसी व्यक्ति को मंदिर खोलने के लिए नहीं कहा जा सकता है. उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की जांच में क्या मिला है, इस सम्बंध में प्रशासन की रिपोर्ट मिलने पर वे हिन्दू समाज के लोगों के साथ वार्ता करेंगे. उनसे सहमति लेकर एक समिति बनाई जाएगी. जिसे मंदिर खोलने औऱ पूजा शुरू करने की अनुमति दी जाएगी.
क्या है मामला: गोल चबूतरा (मदनपुरा) स्थित मकान नंबर डी-31/65 के पास बंद मंदिर का मामला सामने आया था. तब सनातन रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर मंदिर खोलने और पूजा शुरू कराने की मांग की थी. तब जांच का हवाला देकर उन्हें लौटा दिया गया था.





