उत्तर प्रदेश

Varanasi: रेलवे ने पकड़ी बिना टिकट यात्रा, भारी भरकम जुर्माना वसूला

Admindelhi1
27 Jun 2025 2:28 PM IST
Varanasi: रेलवे ने पकड़ी बिना टिकट यात्रा, भारी भरकम जुर्माना वसूला
x

वाराणसी: यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव और वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में 11 जून से 25 जून तक पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

यह अभियान बनारस-प्रयागराज रामबाग, वाराणसी-भटनी, भटनी-छपरा और वाराणसी-छपरा रेलखंडों पर केंद्रित रहा, जिसमें बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, बिना बुक सामान और पैंट्रीकार की जांच की गई।

ढाई करोड़ से अधिक की वसूली

अभियान के दौरान 33,866 यात्रियों को बिना टिकट, अनियमित टिकट या बिना बुक सामान के साथ पकड़ा गया। इनसे कुल ₹2,38,32,919/- (दो करोड़ अड़तीस लाख बत्तीस हजार नौ सौ उन्नीस रुपये) का जुर्माना वसूला गया, जिसे रेलवे राजस्व में जमा कराया गया।

नियमित जांच का संकेत

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने और रेलवे राजस्व की हानि रोकने के लिए हर माह स्पॉट चेक, एम्बुश चेक और किलाबंदी चेक जैसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। इस तरह की सघन जांच से अनधिकृत यात्रा और अन्य अनियमितताओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जा रहा है।

रेलवे की अपील

पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें, ताकि किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या जुर्माने से बचा जा सके।

रेलवे के इस अभियान ने न केवल अनियमित यात्रियों पर नकेल कसी, बल्कि यात्रा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और अनुशासित बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाई है।

Next Story