उत्तर प्रदेश

Varanasi: मेल से कचहरी उड़ाने की धमकी, रातभर चला सर्च ऑपरेशन

Admindelhi1
13 Feb 2026 3:30 PM IST
Varanasi: मेल से कचहरी उड़ाने की धमकी, रातभर चला सर्च ऑपरेशन
x

वाराणसी: जनपद में उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिला। देर रात करीब 1:30 बजे प्राप्त इस ई-मेल की जानकारी मिलते ही न्यायिक महकमे और पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। एहतियातन कचहरी की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई और सुबह होते ही व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

मामला वाराणसी कचहरी परिसर, थाना कैंट क्षेत्र का है। जिला जज को भेजे गए ई-मेल में कथित रूप से आतंकवादी संगठन के नाम का उल्लेख करते हुए अधिवक्ताओं और न्यायाधीशों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही जिला जज ने सेंट्रल बार और बनारस बार के अध्यक्ष व महामंत्रियों को अपने चैंबर में बुलाकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। सेंट्रल बार अध्यक्ष प्रेमप्रकाश सिंह गौतम ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए सभी मामलों में अगली तारीख दी जा रही है और अधिवक्ताओं व वादकारियों से कचहरी परिसर खाली करने का अनुरोध किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वाराणसी पुलिस सक्रिय हो गई। प्रमोद कुमार (डीसीपी वरुणा) और शिवाकांत मिश्रा (इंस्पेक्टर कैंट) भारी पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। बम निरोधक टीम ने कचहरी परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और तकनीकी टीम की भी मदद ली गई।

इसके अलावा शिवहरि मीणा (अपर पुलिस आयुक्त, कानून व्यवस्था) भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत तीन कंपनी पीएसी, डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी तथा चार इंस्पेक्टर समेत 50 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पूरे कचहरी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

धमकी की खबर आग की तरह पूरे शहर में फैल गई, जिससे अधिवक्ताओं और वादकारियों में दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ई-मेल के स्रोत की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संदेश कहां से और किसने भेजा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Next Story