उत्तर प्रदेश

Varanasi: चंदौली में सोना तस्करी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
9 Sept 2026 1:41 PM IST
Varanasi: चंदौली में सोना तस्करी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
x
कार में छिपाकर ले जा रहे थे करोड़ों का सोना, चंदौली में दो गिरफ्तार

चंदौली/वाराणसी: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में कोतवाली पुलिस और एओजी, स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने नवही नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर बिहार की ओर से दिल्ली जा रही एक लक्जरी कार से 2 किलो 565.720 ग्राम सोना बरामद किया। बरामद सोने की अनुमानित बाजार में कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये है। पुलिस ने कार सवार दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद सोने के संबंध में आयकर विभाग और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) को भी सूचना दी गई है।

मंगलवार को यह जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने दी। बताया गया कि स्वाट टीम और चंदौली पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक लक्जरी कार में अवैध रूप से सोना छिपाकर बिहार से दिल्ली ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवही नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान संदिग्ध लक्जरी कार हाईवे पर आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक ने कार को तेज गति से भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अन्य वाहनों की मदद से घेराबंदी कर कार को रोक लिया। इसके बाद कार में सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान जुबेर मुबारक शेख, निवासी सांगली (महाराष्ट्र) और मनीष कुमार, निवासी फतेहाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे विशेष तरीके से एक गुप्त केबिन बनाया गया है, जिसमें सोना छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गुप्त केबिन को खोलकर तलाशी ली तो भूरे रंग के टेप से लिपटी सोने की दो सिल्लियां बरामद हुईं।

पुलिस के मुताबिक, सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज आरोपितों के पास नहीं मिला। इसके बाद आयकर विभाग और राजस्व आसूचना निदेशालय को मामले की जानकारी दी गई। सरकारी वैल्यूअर की मौजूदगी में पैकेट खोले जाने पर उसमें 2,565.720 ग्राम शुद्ध सोना पाया गया। प्रारंभिक जांच में सोना विदेश निर्मित है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सोना और लक्जरी कार के अलावा पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद सोने को आगे की जांच और आवश्यक कागजी प्रक्रिया के लिए राजस्व आसूचना निदेशालय को सौंप दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से लाया गया था, इसे दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Next Story