- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Varanasi गैंगरेप केस:...
Varanasi गैंगरेप केस: डीसीपी वरुणा का तबादला, प्रशासन ने लिया सख्त कदम

वाराणसी: 19 साल की लड़की से गैंगरेप के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। थाना अंतर्गत डीसीपी वरुणा ज़ोन, चंद्रकांत मीणा को हटाकर डीजीपी ऑफिस लखनऊ अटैच कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद यह माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सख्त रुख को लेकर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
यह मामला अप्रैल के पहले सप्ताह का है, जब यहां एक युवती के साथ 23 लोगों ने गैंगरेप किया था। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस मामले का संज्ञान लिया था और घटना को लेकर सख्त रुख अपनाया था। वाराणसी के लालपुर पांडेयपुर थाने में युवती के साथ गैंगरेप के मामले में 23 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
11 अप्रैल को वाराणसी दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट पर पहुंचते ही वाराणसी जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों से इस मामले की जानकारी ली और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद देर रात डीसीपी वरुणा ज़ोन, चंद्रकांत मीणा को उनके पद से हटा कर डीजीपी ऑफिस अटैच कर दिया गया।
अब तक इस मामले में 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिन्हें जेल भेज दिया गया है। मीडिया से बातचीत के दौरान पीड़िता के पिता ने न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि अगर हमारी बेटी को न्याय नहीं मिला, तो शासन-प्रशासन से भरोसा उठ जाएगा। फिलहाल पीड़िता का उपचार चल रहा है।
इस मामले के बाद वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी वरुणा के हटाए जाने को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के सख्त रुख के बाद ही इस मामले में यह बड़ा एक्शन लिया गया है। आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई भी देखने को मिल सकती है।





