- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- उत्तर-प्रदेश: आकाशीय...

x
पढ़े पूरी खबर
बलरामपुर। दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने भले ही लोगों को गर्मी से राहत दिलाई हो, लेकिन बिजली गिरने और करंट उतरने से अप्रिय घटनाएं भी हुई हैं। गुरुवार को तुलसीपुर के देवीपाटन गांव निवासी अशोक कुमार जायसवाल के घर में करंट उतर आया। करंट की चपेट में आने से अशोक की मौत हो गई। उधर, शिवपुर महंत गांव में बिजली गिरने के कारण ट्रांसफार्मर का ढक्कन उड़ जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है।
वहीं, दो दिन लगातार बारिश से खेतों को पर्याप्त नमी मिल गई है, जिससे किसानों के चेहरे खिल गए हैं। मंगलवार की रात मौसम के करवट लेने के बाद रुक-रुक कर हो रही बारिश से कहीं खुशी तो कहीं गम है। दो दिन पहले देवीपाटन गांव निवासी अशोक कुमार जायसवाल अपने घर में नल का मोटर चलाने गया था। नल में करंट उतर आया था। जैसे ही अशोक ने नल का हैंडल छुआ, उसे बिजली का तेज झटका लगा। वह शटर पर जा गिरा। शटर में भी करंट दौड़ रहा था, जिससे वह उसी में चिपक गया।
परिवारजन ने आनन-फानन में बिजली उपकेंद्र में फोन करके आपूर्ति बंद कराई। गंभीर हालत में अशोक को गामा हास्पिटल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मौत की खबर सुनते ही घर में हाहाकार मच गया। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर शिवपुर महंत गांव में बिजली गिरने से पूर्वी फीडर के ट्रांसफार्मर का ढक्कन उड़ गया।
गनीमत रही कि आसपास कोई मौजूद नहीं था। अन्यथा अनहोनी हो सकती थी। पचपेड़वा में बिजली की चपेट में आने से इमलिया खादर गांव निवास रामविलास (38) पुत्र बिफई की खेत में बिजली गिरने के चपेट में आने झुलस गया। प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवक का इलाज जिला संयुक्त अस्पताल में चल रहा है।
जलभराव ने बढ़ाई परेशानी : बारिश के कारण नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों, विद्यालयों व अस्पतालों में जलभराव की समस्या हो गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज तराई में पानी भर जाने से मरीजों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर के वीर विनय चौराहा, गोंडा मार्ग, पहलवारा, अचलापुर, चिकनी, अलीजानपुरवा व धुसाह में भी जलभराव के कारण लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ीं।

Kajal Dubey
Next Story