- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- उत्तर-प्रदेश:...
उत्तर प्रदेश
उत्तर-प्रदेश: संपत्तियों की हो रही है पहचान, विकास दुबे की लखनऊ की संपत्तियां भी होंगी सील
Kajal Dubey
8 July 2022 11:19 AM GMT

x
पढ़े पूरी खबर
कानपुर देहात में बिल्हौर के बिकरू गांव में आठ पुलिस कर्मियों की हत्या करने वाले कुख्यात विकास दुबे पर प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। अब विकास दुबे और उसके रिश्तेदारों की लखनऊ स्थित संपत्तियां भी सील करके कुर्क की जाएंगी। इसके लिए डीएम विशाख जी ने लखनऊ जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। इसमें अपराधी की संपत्ति को कुर्क करने का हवाला दिया गया है। इससे पहले कानपुर और कानपुर देहात की संपत्ति कुर्क करके सील की जा चुकी हैं।
पूर्व डीएम ने संपत्तियां कुर्क करने का दिया था आदेश
बिकरू कांड के विकास दुबे, उसकी पत्नी रिचा दुबे समेत अन्य रिश्तेदारों की संपत्तियां कानपुर, लखनऊ और कानपुर देहात में हैं। पूर्व डीएम नेहा शर्मा ने चौबेपुर पुलिस की रिपोर्ट पर विकास दुबे की संपत्तियों को कुर्क करके सील करने का आदेश दिया था। इस पर लगातार कार्रवाई हो रही है। कानपुर और कानपुर देहात की संपत्तियां भी सील हो चुकी हैं। अभी तक लखनऊ की संपत्ति सील नहीं की जा सकी हैं। इसके लिए रिव्यु करने के बाद डीएम ने पूरी जानकारी हासिल की है।
संपत्तियों की हो रही है पहचान, जल्द होंगी कुर्क
जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि डीएम लखनऊ को पूर्व डीएम की ओर से जारी आदेश के साथ रिमांडर भेजा गया है। इससे लखनऊ की संपत्तियां भी कुर्क हो सकें। इसमें पूर्व में हुए आदेश की प्रति भी भेजी गई है, जिसमें संपत्तियों का ब्योरा है।साथ ही, संपत्तियों की पहचान भी की जा रही है, जिन्हें जल्द ही कुर्क किया जाएगा।
बता दें कि चौबेपुर थानाक्षेत्र के बिकरू गांव में विकास दुबे व उसके साथियों ने दो जुलाई 2020 को सीओ बिल्हौर देवेंद्र कुमार मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुठभेड़ में विकास दुबे और उसके कई साथियों को ढेर कर दिया था। कई सलाखों के पीछे हैं। प्रशासन विकास दुबे, उसके रिश्तेदारों और उसके गैंग के शातिरों की अवैध संपत्तियों को जब्त कर रहा है।
Next Story