- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- उत्तर-प्रदेश: मिनी...
उत्तर प्रदेश
उत्तर-प्रदेश: मिनी ट्रक चपेट में आए, मां-बेटी की मौत
Kajal Dubey
25 Jun 2022 6:38 PM IST

x
सड़क दुर्घटना
सहसवान (बदायूं)। बदायूं-दिल्ली हाईवे पर शनिवार दोपहर एक मिनी ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई। महिला, छह माह की बेटी को गोद में लेकर दवा लेने सहसवान जा रही थी। बाइक पर पांच लोग सवार थे, चालक ने हेलमेट भी नहीं लगाया था। हादसे में तीन लोग बच गए। इसमें महिला का पति और बेटा शामिल हैं।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव मूसापुर निवासी आरती (28) को दवा दिलाने के लिए पति हरवीर को सहसवान जाना था। परिवार वालों के मुताबिक हरवीर को बाइक चलानी नहीं आती थी। इसलिए उसने पड़ोस के आकाश पुत्र राजेंद्र को बाइक लेकर बुला लिया। हरवीर बीच में बैठ गया। आरती अपनी छह माह की बेटी प्रज्ञा को गोद में लेकर पीछे बैठ गई। हरवीर ने 12 वर्षीय बेटे आयुष को आगे बाइक की टंकी पर बैठा लिया।
बाइक बदायूं-दिल्ली हाईवे पर मुड़ारी गांव के कोल्ड स्टोर के नजदीक पहुंची थी कि तभी पीछे से आए मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे आरती, बेटी को लेकर सड़क पर गिर गई और दोनों मिनी ट्रक की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच आकाश ने बाइक अनियंत्रित होने से बचा लिया, जिस कारण बाकी तीन लोग बाइक से नहीं गिरे। बाल-बाल बच गए।
हादसे की सूचना पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मिनी ट्रक पकड़ने के लिए जरीफनगर पुलिस को सूचना दी लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मां-बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
Next Story





