उत्तर प्रदेश

उत्तर-प्रदेश: धर्मगुरुओं के साथ की बैठक, प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर पुलिस आयुक्त ने देखी व्यवस्थाएं

Kajal Dubey
9 July 2022 11:35 AM GMT
उत्तर-प्रदेश: धर्मगुरुओं के साथ की बैठक, प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर पुलिस आयुक्त ने देखी व्यवस्थाएं
x
पढ़े पूरी खबर
बनारस के ईदगाहों और मस्जिदों में रविवार को जज्बा-ए-कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-अजहा की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की जाएगी। इससे पहले शनिवार को पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने शहर के प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर मिले लोगों से बात की।
मस्जिदों और ईदगाहों पर व्यवस्थाएं देखीं और नमाजियों के लिए वहां साफ-सफाई के अलावा उनके पहुंचने और वापस लौटने आदि की जानकारी ली। साथ ही अधीनस्थों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। भेलूपुर में धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर पुलिस आयुक्त ने सौहार्दपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की। इधर, रेवड़ी तालाब, पीलीकोठी, भेलूपुर के ललिता सिनेमा हॉल के पास बकरों की मंडी में खरीदारों की भीड़ लगी है। बाजार में इस समय आठ हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक के बकरे बिक रहे हैं।
संरक्षित पशुओं की नहीं होगी कुर्बानी
सावन और बकरीद को देखते हुए पुलिस सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों में जुट गई है। शुक्रवार को थानावार शांति समितियों की बैठक हुई। इसमें धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों और व्यापारियों से चर्चा की गई।
बकरीद को लेकर यह अपील की गई कि किसी भी संरक्षित पशु की कुर्बानी न दी जाए, उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा और फारवर्ड न करें। यातायात पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने सभी पुलिस अधिकारियों और धर्म गुरुओं से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मोहल्ले के मुवज्जिज व्यक्तियों से संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। सभी धर्मगुरुओं से लगातार संवाद किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर 24 घंटे साइबर सेल और सर्विलांस सेल पैनी नजर बनाए हुए है। यदि कोई अफवाह फैलाएगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है। शहर में धारा 144 सहित सेक्टर स्कीम लागू किया गया है। सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
Next Story