उत्तर प्रदेश

उत्तर-प्रदेश: जयंत राज्‍यसभा गए, सुभासपा को एक MLC सीट भी नहीं, ओमप्रकाश राजभर की अखिलेश यादव से नाराजगी की असली वजह?

Kajal Dubey
20 July 2022 8:52 AM GMT
उत्तर-प्रदेश: जयंत राज्‍यसभा गए, सुभासपा को एक MLC सीट भी नहीं, ओमप्रकाश राजभर की अखिलेश यादव से नाराजगी की असली वजह?
x
पढ़े पूरी खबर
सुहेलदेव भारत समाज पार्टी के अध्‍यक्ष ओमप्रकाश राजभर की अखिलेश यादव से नाराजगी की एक और वजह सामने आई है। अब उन्‍होंने साफ तौर पर जयंत चौधरी को राज्‍यसभा में भेजे जाने का उल्‍लेख करते हुए कहा है कि सपा को गठबंधन धर्म का निर्वहन करते हुए एमएलसी की कम से कम एक सीट सुभासपा को दी जानी चाहिए थी।
एक निजी चैनल से बात करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा- 'जयंत चौधरी तो राज्यसभा पहुंच गए लेकिन उन्होंने क्या कभी अखिलेश यादव से यह बात की कि आठ सीट जीतने पर हमें तो राज्यसभा भेज रहे हैं। लेकिन विधान परिषद की एक सीट गठबंधन धर्म निभाते हुए सुभासपा को दे दी जाए।' ओमप्रकाश ने कहा कि जयंत चौधरी अपने राज्‍यसभा में जाने को लेकर खुश हो गए लेकिन कम से कम अपने छोटे भाई की भी चिंता करनी चाहिए थी।
उन्‍होंने कहा समाजवादी पार्टी सिर्फ भाजपा का डर दिखाकर जिंदा है। ये लोग मुसलमानों को डर दिखाते हैं भाजपा का। लेकिन अब मुसलमान भी इस बात को समझ रहा है। राष्‍ट्रपति चुनाव में एनडीए कैंडिडेट द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान की वजह बताते हुए उन्‍होंने कहा कि सपा ने हमसे वोट मांगा ही नहीं। द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समाज की हैं। हम अंबेडकरवादी है इसलिए उनका समर्थन किया।
एमएलसी सीट पर है राजभर की नज़र
सपा के खिलाफ लगातार बोल रहे ओमप्रकाश राजभर के बारे में चर्चा है कि उनकी सीट 11 अगस्‍त को होने वाले एमएलसी चुनाव पर है। बता दें कि 11 अगस्‍त को दो एमएलसी सीटों पर मतदान होना है। इसके अलावा राज्‍यपाल के मनोनयन से छह सीटें भरी जानी हैं। माना जा रहा है कि जिन दो सीटों पर मतदान होगा उन पर बीजेपी की जीत तय है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि ओमप्रकाश राजभर को एनडीए के एक सहयोगी दल के नेता से इसे लेकर सकारात्‍मक संकेत मिले हैं। फिलहाल सपा गठबंधन में बने रहने का दावा करने वाले ओमप्रकाश राजभर आने वाले दिनों में ओमप्रकाश अपने पत्‍ते खोल सकते हैं।
Next Story