उत्तर प्रदेश

उत्तर-प्रदेश: परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशी, मंडलीय अस्पताल से चोरी हुआ 10 माह का बच्चा नाटकीय ढंग से बरामद

Kajal Dubey
1 July 2022 5:58 PM GMT
उत्तर-प्रदेश: परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशी, मंडलीय अस्पताल से चोरी हुआ 10 माह का बच्चा नाटकीय ढंग से बरामद
x
पढ़े पूरी खबर
मिर्जापुर के मंडलीय अस्पताल से गुरुवार को चोरी हुआ 10 माह का बच्चा शुक्रवार को नाटकीय ढंग से बरामद हो गया। कोतवाली क्षेत्र के वासलीगंज निवासी एक महिलाउक्त बच्चे को लेकर थाने पहुंची। उसने बताया कि अमरावती चौराहे के पास उसे बच्चा मिला है। सूचना के बाद कोतवाली पहुंचे परिजनों ने बच्चे को देखा तो उनके चेहरे पर खुशी लौट गई।
बच्चे की मां कंचन देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। इधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव निवासी कंचन देवी पत्नी विजय कुमार अपने दो बच्चों अंशिका (3) व 10 माह के पुत्र आर्यन के साथ गुरुवार को मंडलीय अस्पताल आई थी। उसके साथ उसकी भाभी प्रभावती पत्नी अमरनाथ भी अपने पुत्र अभिनव (4) के साथ आई थी।
मंडलीय अस्पताल में 127 नंबर कक्ष में बच्चे आर्यन को दिखाने के बाद कंचन दवा लेने के लिए नीचे गई। प्रभावती के हवाले अपने दोनों बच्चों को छोड़कर गई। इस दौरान अभिनव को शौच लग गई। प्रभावती पुत्र को शौच कराने के लिए चली गई। कंचन पहुंचीं तो आर्यन नहीं था। वह खोजबीन करने लगी। प्रभावती ने बताया कि वह बच्चे के पास नहीं थी। इसके बाद दोनों अस्पताल में बच्चों की खोज करने लगी, परंतु पता नहीं चला। अस्पताल पुलिस चौकी को सूचना दी गई।
परिजनों का आरोप था कि पुलिस को सूचना दी गई, परंतु उस दौरान सीसी कैमरा नहीं चेक किया गया। पुलिस ने लापरवाही बरती। दो घंटे से अधिक समय बीतने के बाद बच्चे के नहीं मिलने पर शाम करीब चार बजे परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे आदि से छानबीन किया तो उसमें एक महिला बच्चे को ले जाती दिखाई दी।
पुलिस मामले की जांच कर रही थी कि शुक्रवार सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला 10 माह के बच्चे को लेकर थाने पर पहुंची। उसने बताया कि वह विंध्याचल दर्शन करने जा रही थी। अमरावती चौराहा के पास उसे यह बच्चा लावारिस हाल में मिला इसलिए थाने लेकर चली आई। शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा ने बताया कि एक महिला बच्चे को लेकर थाने पर आई है। बच्चा मिल गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Next Story