उत्तर प्रदेश

उत्तर-प्रदेश: वैवाहिक रश्मों के बीच दुल्हन की बिगड़ी तबीयत, दूल्हे ने शादी से किया इनकार

Kajal Dubey
28 Jun 2022 5:11 PM GMT
उत्तर-प्रदेश: वैवाहिक रश्मों के बीच दुल्हन की बिगड़ी तबीयत, दूल्हे ने शादी से किया इनकार
x
पढ़े पूरी खबर
हमीरपुर जिले के एक गांव में शादी की रश्में निभाई जा रही थी। उसी समय द्वारचार के बाद दुल्हन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे परिजन जिला अस्पताल ले गए। दुल्हन की तबीयत खराब होने से वर पक्ष बरात लेकर लौट गई। इस घटना के बाद पीड़ित भाई ने थाने में ससुरालीजनों के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
कुरारा थानाक्षेत्र के पतारा गांव निवासी रामकुमार अहिरवार ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन आरती 23 की शादी जालौन के कदौरा थानाक्षेत्र के हरचंदपुर गांव निवासी अजय कुमार के साथ तय हुई थी। पिछली 22 जून को शादी की तिथि निर्धारित की गई थी।
दूल्हा अजय बारात लेकर रात नौ बजे गांव आया। साथ में 130 से अधिक बराती थे। सबका स्वागत किया गया और द्वारचार की तैयारी शुरू हुई। नाचते गाते बरात दरवाजे पहुंची। इसके बाद दूल्हा व उसके परिजन दहेज में सोने की चेन की मांग करने लगे। जब उसने असमर्थता जताई, तो वह बरात वापस ले जाने की धमकी देने लगे।
रिश्तेदारों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। ये बात जब दुल्हन को पता चली, तो वह परेशान होकर बेहोश हो गई। उसे लेकर जिला अस्पताल गए। तब दूल्हा पक्ष ने कहा कि युवती को बीमारी है, वह शादी नहीं करेंगे। कहने लगे कि उसकी तबियत सही हो जाए, तो विदा करा लेंगे। इसके बाद बरात वापस चली गई।
26 जून को जब वह हरचंदपुर उनके पास गए, तो उन्होंने उन्हें भगा दिया। बताया कि शादी में अब तक तीन लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। वहीं, थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि दहेज की कोई मांग नहीं है। दुल्हन की तबियत खराब हो गई थी, जिसके चलते वर पक्ष ने शादी से इनकार किया है। मामले की जांच की जा रही है। वर पक्ष से खर्च देनें या फिर दुल्हन को विदा कराकर ले जाने को कहा गया है।
Next Story