- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- उत्तर-प्रदेश: डॉक्टर...
उत्तर प्रदेश
उत्तर-प्रदेश: डॉक्टर की ऑडी कार की टक्कर से घायल युवक की अस्पताल में मौत
Kajal Dubey
16 Jun 2022 2:59 PM GMT

x
हादसा
सारनाथ संग्रहालय तिराहे के समीप बुधवार को चिकित्सक की ऑडी कार ने ऑटो और स्कूटी सवार को टक्कर मार दी थी। टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। इसमें स्कूटी सवार अशोक राजभर की हालत गंभीर थी। उपचार के दौरान देर रात अशोक की मौत हो गई। उसके परिजनों में कोहराम मचा है। घटना के विरोध में गुरुवार को सारनाथ में दुकानें बंद रहीं। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
बुधवार दोपहर बाद तीन बजे अशोक राजभर स्कूटी से संग्रहालय के पास स्थित चौरा माई मंदिर पर खड़ा था, इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार से ऑडी कार ने सड़क के बाएं ओर खड़े दो ऑटो को टक्कर मारते हुए स्कूटी सवार अशोक राजभर को भी टक्कर मार दी। ऑडी कार में फंसकर लगभग दस मीटर तक अशोक घसीटते हुए गया।
बवाल की आशंका में सतर्क रही पुलिस
किसी तरह आसपास के लोगों ने कार उठाकर अशोक राजभर को निकाला। कार में बैठे शिव सर्जिकल हॉस्पिटल एंड नर्सिंग होम के डॉ. एसपी यादव ने घायल अशोक, ऑटो चालक मटरू और राजेश का अपने अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान देर रात अशोक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस बवाल की आशंका में अस्पताल पहुंच गई।
अशोक की माता दुर्गावती देवी, पत्नी रीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने शव को घर नहीं ले जाने दिया। घर से लगभग चार किलोमीटर दूर आशापुर चौराहे पर ही लाने का फैसला किया। आशापुर चौराहे से ले ले जाकर सरायमोहाना घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। बड़े पुत्र सूरज ने मुखाग्नि दी। अशोक साड़ी का कारोबार करता था।
Next Story