- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- नवविवाहिता की संदिग्ध...
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप, मायके ने लगाए आरोप

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शादी के महज 75 दिन बाद महिला का शव उसके ससुराल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यह घटना ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव नगला वैश्य की है। जानकारी के अनुसार, जनपद मैनपुरी के थाना किशनी क्षेत्र के गांव नगला श्याम निवासी गिरीश चंद्र की 20 वर्षीय बेटी साव्या की शादी पांच मई को नगला वैश्य निवासी सुरजीत शाक्य के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि साव्या के पति सुरजीत जयपुर में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य भी अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं। घटना के समय घर पर केवल देवर शिवम मौजूद था। पुलिस के अनुसार, शिवम ने बताया कि मंगलवार सुबह वह धान की रोपाई के लिए खेत पर चला गया था। उस समय घर में भाभी साव्या अकेली थीं।
शिवम ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे उसने नाश्ते के लिए भाभी को फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद वह करीब साढ़े आठ बजे घर वापस लौटा। घर के बाहर बने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर उसे साव्या का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता गिरीश चंद्र ने पुलिस को दी गई शिकायत में ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उनकी बेटी से दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था और आए दिन विवाद किया जाता था।
पिता ने आरोप लगाया कि सोमवार देर रात उनकी बेटी की हत्या कर दी गई और बाद में शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना के बाद मौके पर नायब तहसीलदार राकेश गौतम और पुलिस अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। ऐरवाकटरा थाना प्रभारी गंगादास गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के समय घर पर महिला का केवल देवर मौजूद था। अन्य परिजनों के आने के बाद उनसे भी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने देवर से पूछताछ शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
नवविवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष में शोक का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।





