उत्तर प्रदेश

अवैध कटान को लेकर हंगामा

Admin Delhi 1
14 Jun 2023 12:23 PM GMT
अवैध कटान को लेकर हंगामा
x

अलीगढ़ न्यूज़: थाना लोधा क्षेत्र में अवैध कटान को लेकर जमकर हंगामा हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने अलीगढ़-पलवल हाइवे जाम कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर बमुश्किल दो घंटे में जाम खुलवाया। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

लोधा क्षेत्र में भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। सुबह कार्यक्रम स्थल पर बात फैली कि कुछ दूरी पर पशु कटान किया जा रहा है। आयोजक व श्रद्धालुओं ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कुछ ही दूरी पर दो भैंस मृत पड़ी थीं, जबकि तीन मृत भैंस मैक्स गाड़ी में पड़ी थीं। देखते ही देखते बड़ी संख्या में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकह्वा हो गयी। गुस्साए लोगों ने रोड जाम कर दिया। सूचना के करीब दो घंटे बाद पहुंची पुलिस ने मैक्स गाड़ी में बैठे चालक को हिरासत में ले लिया। सभी मृत पशुओं को दफन कराया गया। मौके पर एसपी सिटी कुलदीप गुनावत, सीओ गभाना सुमन कनौजिया, एसडीएम गभाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने जाम लगा रहे लोगों को बमुश्किल शांत कर जाम खुलवाया। हंगामे को देखते हुए जाम करीब दो घंटे तक जारी रहा। स्थानीय गणमान्य लोगों की भी पुलिस ने मदद ली, लेकिन ग्रामीणों ने किसी की नहीं सुनी। बाद में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जाम खुलवाया गया।

दो घंटे रहा जाम:

● पुलिस को सूचना देने पर भी नहीं पहुंचने पर भड़का गुस्सा

● क्षेत्र में चल रही भागवत कथा, लोगों ने दो घंटे तक रखा जाम

● सीओ गभाना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

● पशु कटान में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, गिरफ्तार

पुलिस के देरी पर पहुंचने से आक्रोश

ग्रामीणों का आक्रोश पुलिस के देरी से पहुंचने पर भी भड़का है। पुलिस को सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस पहुंची थी। ग्रामीण बार-बार फोन कर रहे थे, लेकिन जब पुलिस नहीं पहुंची तो ग्रामीणों ने जाम लगाया।

लोधा में खाली मैदान में कथा का आयोजन किया जा रहा था। वहां से दूर पीछे की ओर कुछ लोग पशु के कटान को लोडर में डाल रहे थे। पूछताछ में मालूम हुआ कि यह लोग गांव में पशुओं को इकट्ठा कर ले जाते हैं। तीन आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।

-कुलदीप गुनावत, एसपी सिटी

Next Story