- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut में न्याय की...
Meerut में न्याय की मांग पर बवाल, वकील ने वैन में की आत्महत्या की कोशिश

Meerut मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बीए की छात्रा ललिता गौतम की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर बुधवार को आयोजित दलित महापंचायत के दौरान जमकर हंगामा हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर जुटे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लाठीचार्ज और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 16 मई को हुई बीए छात्रा ललिता गौतम की हत्या के विरोध में दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर दलित महापंचायत का आयोजन किया गया था। कांग्रेस नेता हेमंत प्रधान, दलित समाज के प्रतिनिधियों और कई सामाजिक संगठनों के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को ज्ञापन सौंपने की अनुमति दी गई थी, लेकिन बुधवार को मेरठ के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
बताया जा रहा है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। इस पर प्रदर्शनकारी नाराज हो गए और गेट के सामने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों के सड़क पर बैठने से आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति बन गई और यातायात प्रभावित हुआ।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज किया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी उनके साथ मारपीट की। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान का इंतजार है।
हंगामे के दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इसी बीच एक अधिवक्ता द्वारा पुलिस वैन के अंदर आत्महत्या का प्रयास करने की घटना सामने आने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि अधिवक्ता ने अपने गमछे से फंदा बनाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे बचाया।
घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना है कि ललिता गौतम हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम को देखते हुए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर पहले से ही लोगों में आक्रोश बना हुआ था। बुधवार की घटना के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। अब सभी की नजर प्रशासन की आगे की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर है।





