- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- UP : डायरिया से युवक...
UP : डायरिया से युवक की मौत, 14 बीमार; बदलते मौसम से बढ़ी परेशानी

Banda.बांदा। मौसम में बार-बार हो रहा बदलाव बीमारियों को बढ़ावा दे रहा है। डायरिया की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि 14 लोगों की हालत बिगड़ गई। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कभी तेज धूप तो कभी आंधी और बारिश हो रही है। मौसम के बिगड़ने से डायरिया, बुखार, पेट दर्द और बदन दर्द के मरीज अधिक संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिसमें मामूली पीड़ितों को डॉक्टर दवा देकर घर जाने दे रहे हैं, जबकि गंभीर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। इसी क्रम में चमरौड़ी मोहल्ला निवासी बदलू के 18 वर्षीय पुत्र सचिन को डायरिया की चपेट में आने पर परिजनों ने बुधवार रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके अलावा काशीराम कालोनी निवासी नौ माह की दामिनी, जरेली कोठी मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय करन, गुरेह गांव निवासी तीन वर्षीय सत्यम, अलीगंज निवासी छह वर्षीय अजहर, बरेठीकला गांव निवासी तीन वर्षीय हर्षपाल, निम्नीपार निवासी 27 वर्षीय गुड़िया, करहिया गांव निवासी 20 वर्षीय जयसिंह, नजरबाग निवासी 70 वर्षीय मनोदिया, छबीतालाब मोहल्ला निवासी 46 वर्षीय छोटू आदि की डायरिया से हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है। चिकित्सक डा. विनीत सचान ने बताया कि साफ पानी पिएं। बासी खाना खाने से बचें, ताजा खाना खाएं। घर से बाहर निकलते समय तौलिया व छाता आदि का प्रयोग करें। पानी ठीक से पीकर निकलें। दोपहर की धूप में जब तक अति आवश्यक न हो दोपहिया वाहन से लंबी दूरी की यात्रा न करें। तरल पेय पदार्थ पिएं। बाजार से तैलीय खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।





