उत्तर प्रदेश

नदी नीति बनाने वाला देश का पहला प्रदेश होगा यूपी, हिंडन और काली नदी होंगी निर्मल और अविरल

Renuka Sahu
21 Aug 2022 1:14 AM GMT
UP will be the first state in the country to formulate river policy, Hindon and Kali rivers will be pure and uninterrupted
x

फाइल फोटो 

प्रदेश में नदियों को निर्मल और अविरल बनाने के लिए नदी नीति बनेगी।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। प्रदेश में नदियों को निर्मल और अविरल बनाने के लिए नदी नीति बनेगी। देशभर में यूपी पहला ऐसा प्रदेश होगा, जिसमें वाटर पॉलिसी के बाद अब रिवर प़ॉलिसी होगी। इसके लिए 31 अगस्त को लखनऊ में होने जा रहे नदी सम्मेलन में देशभर से नदियों और पानी के लिए काम करने वाले विशेषज्ञ जुटेंगे। इसमें मृतप्राय नदियों को कैसे पुनर्जीवित कर सकते हैं और छोटी-छोटी नदियों को कैसे जोड़ेंगे, इस पर चर्चा करने के साथ नदी नीति का प्रारूप तैयार होगा। इसी साल इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा। पश्चिमी यूपी की काली और हिंडन नदी के साथ उनकी सहायक नदियों को भी अविरल-निर्मल बनाया जाएगा।

नीर फाउंडेशन के निदेशक रमनकांत त्यागी काली-हिंडन तथा उसकी सहायक नदियों के साथ पूरे प्रदेश की नदियों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ नदी नीति ड्राफ्ट करने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के निर्देशन में सूबे की नदी नीति तैयार करने की कवायद हो रही है। हिंडन और काली नदी के साथ इनकी सहायक नदियों के लिए कार्ययोजना तैयार कर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव के साथ रमनकांत त्यागी ने जानकारी साझा की है। हर जिला और मंडल स्तर पर नदियों के लिए कार्ययोजना बनाने का काम चल रहा है।
यह हो रहा काम
सूबे की सभी छोटी-बड़ी नदियों का मैप बनाया जा रहा है। नदियों के नाम, ब्लॉक, लंबाई, उद्गम स्थल, अतिक्रमण, एसपीटी, नदियों के किनारे फैक्ट्रियों, स्थानीय निकायों के नाले नदियों में गिरने समेत तमाम जानकारी जुटाई जा रही है। अतिक्रमण कहां-कहां है, इसकी रिपोर्ट बन रही है। इसमें तकनीकी संस्थानों के साथ सरकारी व अन्य एजेंसियों की मदद ली जाएगी।
इस बारे में जानकारी देते हुए नीर फाउंडेशन के निदेशक, रमनकांत त्यागी ने कहा कि देश का ऐसा पहला प्रदेश होगा, जहां रिवर नीति होगी। नदियों के लिए किस तरह से कार्य करना है, इसके लिए सम्मेलन में चर्चा होगी और नदी नीति बनाते हुए नदियों को निर्मल-अविरल बनाने का कार्य होगा।
Next Story