उत्तर प्रदेश

UP: अगले 3 घंटे में बदलेगा मौसम, आंधी-तूफान की चेतावनी

Saba Naaz
5 July 2026 5:13 PM IST
UP: अगले 3 घंटे में बदलेगा मौसम, आंधी-तूफान की चेतावनी
x

उत्तर प्रदेश : मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और अगले सात दिनों तक बारिश व गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा 5 जुलाई 2026 को जारी पूर्वानुमान में प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक देखने को मिलेगी। इसके बाद 7 और 8 जुलाई से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। 9 से 11 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कई जगहों पर बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बनी रह सकती है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि 5 जुलाई को दोनों क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और गरज-चमक की भी आशंका जताई गई है। 8 जुलाई को पूर्वी यूपी में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 9 जुलाई को दोनों क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिलेगा। 10 और 11 जुलाई को पूर्वी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांदा और बस्ती में 40.0 डिग्री तथा बलिया में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश, आंधी और बिजली गिरने की स्थिति में सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। अगले सप्ताह मानसूनी गतिविधियां और अधिक तेज होने की संभावना जताई गई है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम पूरी तरह बदल सकता है।

Next Story