उत्तर प्रदेश

UP News: कूड़ा गाड़ी ने युवक को रौंदा

Bharti Sahu 2
31 Aug 2024 1:14 AM GMT
UP News:  कूड़ा गाड़ी ने युवक को रौंदा
x
UP News: लोहियानगर क्षेत्र के फतेहउल्लापुर रोड पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां नगर निगम की ट्रैक्टर ट्रॉली ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मारकर रौंद दिया और करीब 20 मीटर तक घसीटकर ले गया। भीड़ ने ट्रैक्टर के चालक को पकड़कर जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। लक्खीपुरा गली नंबर 23 में मैराजुद्दीन का परिवार रहता है। शुक्रवार सुबह मैराजुद्दीन का 20 वर्षीय बेटा जैद किसी काम से स्कूटी लेकर बाजार आया था। फतेहउल्लापुर रोड पर सड़क किनारे किसी काम के लिए रुक गया। तभी पीछे से आए नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए जैद को साइड मार दी।
साइड लगते ही जैद जमीन पर गिरा और उसके पैरों के ऊपर से ट्रॉली का पहिया उतर गया। इसके बाद लोगों ने शोर मचाया और पीछा करते हुए आरोपी चालक को रोक लिया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी चालक को नीचे उतार लिया और उसकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने भिजवा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली चालक काफी रफ्तार में था। उसने कानों में लीड लगाई थी और वह गाने सुन रहा था। हादसे के बाद भीड़ ट्रैक्टर ट्रॉली रोकने के लिए शोर मचाती रही लेकिन चालक नहीं सुना और करीब 20 मीटर तक जैद को घसीटकर ले गया। पुलिस ने आरोपी चालक सतेंद्र को हिरासत में ले लिया है।
Next Story