- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- यूपी के मंत्रियों का...
उत्तर प्रदेश
यूपी के मंत्रियों का सपा पर तंज, बोले- 2027 में जनता देगी जवाब, डबल इंजन सरकार में तेजी से हो रहा विकास
jantaserishta.com
17 Oct 2026 3:37 PM IST

x
हरदोई/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सियासी बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है। प्रदेश सरकार के मंत्रियों रजनी तिवारी, दयाशंकर सिंह और दानिश आजाद अंसारी ने सपा और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए प्रदेश सरकार के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और किसानों के हित में किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। मंत्रियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी तेजी से विकास कर रहा है।
यूपी सरकार में मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार बेहतर काम कर रही है। प्रदेश विकास के मामले में काफी आगे बढ़ा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी अच्छी है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर देश को तरक्की की राह पर आगे बढ़ा रही हैं।
अखिलेश यादव की ओर से भाजपा को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए रजनी तिवारी ने कहा कि सपा अध्यक्ष को अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें भाजपा की चिंता करने की जरूरत नहीं है। भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी के मार्गदर्शन में काम कर रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह विदेश यात्रा के दौरान ऐसे बयान देते हैं, जिनसे देश की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचती है। देश के भीतर भी कुछ लोग भारत को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ लोग वहां से प्रभावित हैं और विदेशी नागरिक भी विरोध-प्रदर्शनों में शामिल हो रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के जरिए किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है। मौजूदा सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
यूपी सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सपा पर राजनीतिक हताशा का शिकार होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह की ओर से सपा को लेकर दिए गए बयानों का समर्थन करते हुए आरोप लगाया कि सपा प्रदेश को अराजकता की ओर ले जाना चाहती है।
अंसारी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता सपा को जवाब देगी। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदल दी है। पहले प्रदेश में माफिया राज और गुंडाराज की चर्चा होती थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने इस छवि को बदलने का काम किया है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





