उत्तर प्रदेश

UP : चोरी के शक में मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई

Saba Naaz
16 Sept 2025 5:52 PM IST
UP : चोरी के शक में मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई
x
Azamgarh आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के भीरा बस्ती गांव में ग्रामीणों ने रविवार देर रात एक युवक को चोरी के शक में पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे इस युवक को ग्रामीणों ने पकड़ने के बाद लाठी-डंडों से पीटा।
खबरों के मुताबिक, भीरा बस्ती गांव में रविवार देर रात एक युवक संदिग्ध हालात में घूमता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों को शक हुआ कि वह चोरी में शामिल है, जिसके बाद उन्होंने उसे पकड़ लिया। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में
ग्रामीण इकट्ठा
हो गए और युवक की लाठी-डंडों से बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी। युवक बार-बार हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि युवक के चेहरे से खून बह रहा है और वह रहम की भीख मांग रहा है।
वीडियो में ग्रामीणों को उसकी पिटाई करते देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही बरदह थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने घायल युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया और उसे अपने साथ ले जाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया युवक चोरी के मामले में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ थाने में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। बरदह थाने के प्रभारी ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story