- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- UP : जनगणना के पहले...

Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: जनगणना के पहले चरण के तहत मकानों की गिनती के कार्य में शनिवार से तेजी आ गई है। सुबह से ही प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को फील्ड में उतार दिया गया है, ताकि घर-घर जाकर डेटा संग्रह का काम समय पर पूरा किया जा सके। प्रशासन ने कार्य को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए दिनचर्या भी तय की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 11 बजे से 3 बजे तक के समय में तेज धूप के कारण मकानों की गिनती का कार्य रोक दिया जाएगा। इस चार घंटे के अंतराल के बाद शाम 3 बजे से फिर तीन घंटे तक घरों की गणना की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवस्था गर्मी और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है।
जनगणना अधिकारियों का कहना है कि पहले चरण में प्रत्येक मकान का सही रिकॉर्ड तैयार करना सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी आधार पर आगे की जनगणना प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसलिए प्रगणकों को सटीक जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बार जनगणना में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी विशेष पहचान दी जा रही है। सभी मठ, मंदिर और धर्मस्थलों को अलग से भवन जनगणना नंबर आवंटित किया जा रहा है। इन स्थलों को विशेष नंबरिंग सिस्टम के तहत 0001, 0011, 0111, 1111, 1001 जैसी विशिष्ट श्रेणियों में शामिल किया जा रहा है, ताकि इनकी अलग पहचान सुनिश्चित की जा सके।
जानकारी के अनुसार, मां ललिता देवी मंदिर को भवन नंबर 0001 और अलोपीदेवी मंदिर को 0011 आवंटित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि इस विशेष नंबरिंग से धार्मिक स्थलों का रिकॉर्ड अधिक व्यवस्थित और डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य जनगणना डेटा को अधिक सटीक, पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाना है। साथ ही, इससे भविष्य में शहरी और ग्रामीण विकास योजनाओं के लिए भी बेहतर डेटा उपलब्ध होगा।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में प्रगणकों की टीम सक्रिय रूप से काम कर रही है और मकानों की गिनती का कार्य चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।





